देर होने पर दौड़ाई स्कूल बस रास्ते में पलट गई, दो छात्रों की मौत, पूरे गांव में नहीं जला चूल्हा
जैसलमेर, 18 फरवरी। राजस्थान के सरहदी जिले में रफ़्तार ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। यहां पर देर होने पर चालक ने स्कूल बस को कुछ ऐसे दौड़ाया कि वो रास्ते में पलट गई और दो छात्रों की जान चली गई। बीस छात्र घायल हो गए।

मृतकों की शिनाख्त 12 वर्षीय हासम खान व 14 वर्षीय कासम खान के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में भाई लगते थे। बस पलटने के बाद ये नीचे दब गए थे, जिनकी वजह से इनकी जान चली गई। दोनों बच्चों के सिर कुचल गए थे। बड़ी मुश्किल से उनकी शिनाख्त हो पाई।
बता दें कि दोनों बच्चे पनवानाडा गांव के रहने वाले थे। दो मासूम भाइयों की मौत पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रात को किसी घर चूल्हा नहीं जला। सभी गांव वाले बच्चों के घर के बाहर आग जलाकर बैठे रहे। घरवाले रोते हुए बच्चों की बातों, उनकी नादानियों की बात करते रहे।
हासम के पिता जम्मे खान खेती और पशुपालन कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। पिता ने कहा कि इस गांव और आसपास के लोग फौज में जाते हैं। मेरा बेटा भी फौज में जाना चाहता था। उसके सपने को पूरा करने के लिए खूब पढ़ाना चाहते थे।
कासम के पिता समीर खान ने कहा कि उनके 2 लड़के और एक लड़की वाला खुशहाल परिवार था, पता नहीं उनके परिवार को किसकी नजर लग गई है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे कहां जाएं। हादसे में कासम की मौत के बाद सबकुछ बिखर गया। घरवाले टूट गए है। गम में कोई कुछ बोल भी नहीं पा रहा।












Click it and Unblock the Notifications