Ground Report: टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट के बाशिंदों के मन में क्या ? भाजपा या कांग्रेस
Lok Sabha Election Ground Report: राजस्थान में छिड़े सियासी रण में वन इंडिया की टीम लगातार ग्राउंड जीरो पर आमजन का मन टटोल रही है।
आज सचिन पायलट की गारंटी पर टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बने हरीशचंद्र मीना और तीसरी बार मोदी की गारंटी के बूते भाजपा से प्रत्याशी बने सुखबीर सिंह जौनापुरिया के बारे लोगों का मन टटोल कर जानने की कोशिश की आखिर क्या मूड है जनता का ?

टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट दो जिलों की 8 विधानसभा सीटों से मिलकर बनी है। जिसमें टोंक और सवाईमाधोपुर जिला आता है। टोंक जिले में टोंक, निवाई, देवली और मालपुरा विधानसभा सीट है तो सवाईमाधोपुर जिले में सवाईमाधोपुर,खंडार,गंगापुरसिटी और बामनवास विधानसभा सीटें है।
एक ओर भाजपा के प्रत्याशी सुखबीर सिंह जौनापुरिया तीसरी बार लोकसभा चुनाव के रण में हैट्रिक मारने का दावा कर रहे है तो दूसरी ओर पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस आलाकमान को अपनी गारंटी देकर दोबार से देवली सीट से विधायक हरीशचंद्र मीना को लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है।
बिते दिनों हरीशचंद्र मीना के नामांकन सभा में सचिन पायलट अपनी गारंटी की बात कर चुके है साथ ही दावा भी कर चुके है कि जिस क्षेत्र में हरीशचंद्र मीना प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे वहां सचिन पायलट खुद प्रचार के लिए पहुंचेंगे।
इधर भाजपा के सुखबीर सिंह जौनापुरिया का श्रीगणेश ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी के साथ हुआ, मालपुरा में भाजपाइयों ने जौनापुरिया का जोरदार विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
उधर जौनापुरिया का नामांकन रैली भी सभा के खत्म होने के साथ ही थोड़ी दूर चली तो कार्यकर्ताओं के नदारद होने से फ्लॉप हो गई।
हालांकि जौनापुरिया की ओर से डेमेज कंट्रोल करने की दूसरी कोशिश देवली में उस समय फेल हो गई जब सूबे के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो भी फ्लॉप शो हो गया।
इसके बाद वन इंडिया की टीम ने लोकसभा क्षेत्र में आजमन के बीच पहुंच भाजपा प्रत्याशी सुखबीर सिंह जौनापुरिया और कांग्रेस प्रत्याशी हरीशचंद्र मीना के बारे राय को लेकर मन टटोला।
इस दौरान सबसे हैरत करने वाली तस्वीर उस समय सामने आई जब हमारा सामना बीएड धारी एक मोची से हुआ। मोची ने बताया कि पिछले 10 सालों में का विकास यह है कि मैने बीएड तक की योग्यता की लेकिन आज नौकरी नहीं मिलने से मोची का काम कर परिवार को पाल रहा हूं।
इसी के साथ एक पान की दुकान चला रहे दुकानदार ने तो यहां तक कहा कि कुछ भी हो इस बार परिवर्तन होकर रहेगा। वहीं राहगीर और आमजन भी सुर में सुर मिलाते नजर आए । हालांकि इस दौरान कुछ वाहन चालक ऐसे भी थे जिन्होने दावा किया कि इस बार हिंदुस्तान में भाजपा 400 पार जाएगी।
टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट भी भाजपा तीसरी बार जितकर सुखबीर सिंह जौनापुरिया अपनी हैट्रिक लगाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी विकास को लेकर ऐसा दर्द बताया कि सुनकर रह गए। पानी की किल्लत और आम रास्तों में कीचड़, सड़कों में गड्डे और बिजली कटौती की समस्या आज भी नासूर बनी हुई है।
अब 4 जून को नतीजे आने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि मोदी की लहर का राजस्थान में रेगिस्तानी धोरों में कितना असर होता है या फिर कांग्रेस इस बार जनसमस्याओं के मुद्दों के भरोसे चमत्कार करने में कामयाब हो पाती है।












Click it and Unblock the Notifications