राजस्थान: मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ हादसा, 3 युवकों की डूबने से मौत
नागौर। दशहरा की खुशियों के दौरान राजस्थान के नागौर में बड़ा हादसा हो गया। जिले के थांवला थाना इलाके के कोड गांव में मूर्ति विर्सजन के दौरान चार युवक डूब गए। डूबने से तीन युवकों रवि, रामनिवास और पवन की मौत हो गई। वहीं चौथे युवक रामदेव को ग्रामीणों ने बचा लिया। सूचना मिलने पर थांवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चौथे युवक रामदेव की हालत नाजुक होने पर उसे इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, कोड गांव के रेगर मोहल्ले से कुछ युवक माता की मूर्ति विसर्जन के लिए लूनी नदी के भोजपुरा के पास पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान पानी की गहराई का युवक अंदाजा नहीं लगा पाए और डूब गए। सरपंच संध्या भाटी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के कारण गहरे गड्ढे हो गए हैं जिनमें पानी भर गया है और उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में यह हादसा प्रशासन के लिए एक सबक है।
सरपंच संध्या भाटी ने अवैध बजरी खनन पर सख्ती से कार्रवाई की मांग भी इस दौरान की। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर छा गई है। जानकारी मिलने पर नागौर जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार भी थांवला पहुंचे और मामले की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications