हाय रे लापरवाही! गांव वालों ने मुश्किल से चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, और फिर...
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में चोरी की वारदात बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में जो काम पुलिस को करना चाहिए वो काम ग्रामीणों ने किया और तीन वाहन चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन उनमें से एक चोर पुलिस के चंगुल से भागने में कामयाब हो गया।

इससे नाराज ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ गांव में पंचायत की और वहां जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी। इसकी वजह से पुलिस में हड़कंप मच गया। भुसावर थाना प्रभारी राजेश खटाना ने पंचायत में हाथ जोड़कर ग्रामीणों से क्षमा मांगी। साथ ही चोर को जल्दी ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण शिशुपाल सिंह ने बताया कि भुसावर थाना क्षेत्र के गांव पथैना में मोटर साइकिल चोरी करते हुए ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद एक आरोपी पुलिस के गिरफ्त से फरार हो गया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी राजेश खटाना ने रुपए लेकर चोर को छोड़ा है।
वहीं, भरतपुर अतिरिक्त जिला पुलिस सुरेश खींची का कहना है कि शौच के बहाने से चोर फरार हो गया। हालांकि इस मामले की जांच करवाई जा रही है। अगर कोई लापरवाही की बात आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि भरतपुर जिले में चोरी की वारदातों से लोग परेशान हैं। पुलिस अपना काम ठीक से नहीं कर रही। ऐसे में जिन चोरों को गांव वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था। वो भी फरार हो गया जिसकी वजह से गांव वालों का गुस्सा और भी बढ़ गया।












Click it and Unblock the Notifications