Surendra Kumar Rajasthan: ऑपरेशन सिंदूर में झुंझुनूं का बेटा शहीद, गृहप्रवेश के बाद 15 को ही लौटे थे ड्यूटी पर
Surendra Kumar Shaheed Jhunjhunu Rajasthan: ऑपरेशन सिंदूर 2025 में राजस्थान के झुंझुनूं जिले के वीर सपूत सुरेंद्र कुमार मोगा शहीद हो गए। वे गांव मेहरादासी, तहसील मंडावा के निवासी थे। पाकिस्तान की ओर से 9 मई की 2025 रात को किए गए हमले में सुरेंद्र कुमार ने शहादत दी है। इस दुखद सूचना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। सुरेंद्र की पार्थिव देह कब गांव लाई जाएगी और अंतिम संस्कार कब होगा, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।

पत्नी की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच शुरू हुए तनाव में सुरेंद्र की शहादत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी सीमा देवी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुंझुनूं जिला कलेक्टर रामावतार मीणा और एसपी शरद चौधरी अस्पताल पहुंचे और वीरांगना की स्थिति की जानकारी ली। बाद में दोनों अधिकारी शहीद के गांव मेहरादासी भी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
14 साल पहले जॉइन की थी वायुसेना
झुंझूनूं जिला प्रशासन के अनुसार, सुरेंद्र कुमार मोगा भारतीय वायुसेना की 39वीं विंग, उधमपुर में मेडिकल असिस्टेंट सार्जेंट के पद पर तैनात थे। उन्होंने 14 साल पहले IAF जॉइन की थी और कर्तव्यनिष्ठा से सेवा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे और 15 अप्रैल 2025 को ही ड्यूटी पर लौटे थे।
इकलौते बेटे थे, मां को अब तक नहीं बताया गया
सुरेंद्र कुमार अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता शिशुपाल सिंह, सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां को अब तक बेटे की शहादत की जानकारी नहीं दी गई है, ताकि उनकी तबीयत पर असर न पड़े।
गृह प्रवेश के बाद लौटे थे ड्यूटी पर
हाल ही में सुरेंद्र कुमार ने गांव में नया मकान बनवाया था, जिसका गृह प्रवेश समारोह कुछ दिन पहले ही संपन्न हुआ था। सुरेंद्र कुमार जब भी अवकाश लेकर गांव आते थे वे युवाओं को फौज ज्वाइन करने के लिए प्रेरित करते थे। सुरेंद्र कुमार की शादी नवलगढ़ की सीमा देवी से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं-एक पांच साल का बेटा और आठ साल की बेटी। दुर्भाग्यवश जब यह हादसा हुआ, सीमा अपने दादा के निधन के कारण बच्चों के साथ पीहर आई हुई थीं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Shaheed: भारत-पाकिस्तान युद्ध में झुंझूनूं का इकलौता बेटा शहीद, कौन थे सुरेन्द्र कुमार मोगा?












Click it and Unblock the Notifications