Congress Candidate: राजस्थान में कौन हैं Sudarshan Singh Rawat, क्यों लौटाया कांग्रेस का टिकट?
Sudarshan Singh Rawat returned Congress ticket Rajsamand: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान की राजसमंद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन सिंह रावत ने टिकट लौटा दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से लोकसभा चुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया है।
कांग्रेस ने सुदर्शन सिंह रावत को राजसमंद से 25 मार्च को ही टिकट दिया था। अब रावत की ओर से कांग्रेस आलाकमान को भेजे गए पत्र में कहा है कि वे व्यक्तिगत कारणों से राजसमंद लोकसभा चुनाव 2024 नहीं लड़ना चाहते।

सुदर्शन सिंह रावत ने राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र भेजा है। पढ़ें क्या-क्या लिखा?
मुझे साल 2018 में कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी के तोर पर भीम देवगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ने का अवसर दिया। भीम देवगढ़ की जनता ने 15 साल के कुशासन से त्रस्त होकर मुझे सुशासन व विकास की आशा के साथ राजस्थान विधानसभा भेजा।

2018-2023 तक का कार्यकाल भीम देवगढ़ के विकास के मायने में ऐतिहासिक रहा। हमने दिनरात एक करके कोरोना काल से लोहा लेने के बाद आजाद भारत कके 70 साल के इतिहास में जो कार्य नहीं हुए उन्हें क्रियान्वित किया। दो नवीन उपतहसील, उप जिला, अस्पताल, भीम में नगर परिषद, स्कूलों का क्रमोनयन, स्टेडियम व पेयजल, पाइप लाइन का कार्य करवाया।
इन सबके बावजूद गत विधानसभा चुनावों से पूर्व मेवाड़ के राजनीतिक परिदृश्य को बदलने वाले घटनाक्रमों के कारणा परिणाम अनुकूल नहीं रहे। हमे हार का सामना करना पड़ा।
अब लोकसभा चुनाव की रायशुमारी व चर्चा के दौरान मैंने कई बार प्रदेश के सभी शीर्ष नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई, क्योंकि यह मेरी व्यक्तिगत राय थी कि ऐतिहासिक विकास कार्यों के बावजूद विधानसभा चुनाव में हार के महज चार माह बाद ही मुझे यह अधिकार नहीं। लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए मेरी कोई तैयारी भी नहीं।
किसी योग्य व्यक्ति को टिकट दिया जाए। परंतु मेवाड़ के एक शीर्ष नेता द्वारा पार्टी आलाकमान को अंधेरे में रखकर मेरी अगले दो माह विदेश दौरे पर होने एवं बार-बार असहमति जताने के बावजूद मेरा नाम प्रस्तावित किया गया, जो उचित नहीं है।
25 मार्च की शाम को मुझे सोशल मीडिया के जरिए मेरे उम्मीदवार घोषित होने का पता चला, जो कि मेरे लिए आश्चर्य की बात है। मेरी पुन: कांग्रेस पार्टी के आलाकमान से अनुरोध है कि मेरी जगह किसी योग्य व इच्छुक उम्मीदवार को मौका दिया जाए। मेरे इस कदम से समर्थकों, शुभचिंतकों एवं पार्टी आलाकमान की भावना को ठेस पहुंची हुई होगी। इसके लिए मैं सभी से क्षमा प्रार्थी हूं।
उल्लेखनीय है कि राजसमंद से पिछली बार भाजपा की दीया कुमारी सांसद बनी थीं, जो राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में जयपुर की विद्याधरनगर सीट से चुनाव जीतकर भजनलाल शर्मा सरकार में डिप्टी सीएम बन गईं। भाजपा ने अब इस सीट पर महिला सिंह को टिकट दे रखा है। सुदर्शन सिंह रावत के पीछे हटने पर कांग्रेस यहां किसी दूसरे नेता को उम्मीदवार घोषित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications