Bhilwara News: राजस्थान में जलझूलनी एकादशी जुलूस पर पथराव, जहाजपुर के बाजार बंद, पुलिस बल तैनात
Stone pelting in Jahazpur Shahpura Bhilwara Rajasthan: राजस्थान के भीलवाड़ा से अलग होकर बने नए जिले शाहपुरा से बड़ी खबर है। शाहपुरा जिले के जहाजपुर कस्बे में शनिवार दोपहर को जलझूलनी एकादशी के मौके पर निकाले गए जुलूस पर पथराव हो गया, जिससे वहां अफरा-तफरा मच गई। बाजार बंद हो गए और स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार जहाजपुर कस्बे के लोग जलझूलनी एकादशी के मौके पर शनिवार दोपहर करीब 3.15 बजे किले से जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस कस्बे के मुख्य रास्तों से होता हुआ करीब 1 घंटे बाद शाम 4 बजे पीताबंरराय बाजार में पहुंचा। यहां एक जगह कुछ लोगों ने आवाज लगाई-'ऐ रोको इसे'। इसके बाद तनातनी हो गई। लोग नारेबाजी करने लगे और देखते ही देखते पथराव हो गया। पत्थरबाजी होने से वहां भगदड़ मच गई।

करीब 20 मिनट तक पथराव होता रहा। इसकी वजह से जुलूस को बीच में रोकना पड़ा। अचानक हुई घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तारी करने के बाद ही जुलूस को आगे निकालने की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में किया।
सूचना पाकर विधायक गोपीचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने जुलूस को बाजार में ही रोक दिया और बाजार बंद कर दिया गया। जुलूस में शामिल लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। विधायक गोपीचंद मीणा ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किए जाने तक जुलूस नहीं निकालने की चेतावनी दी है। सूचना के बाद डिप्टी एसपी अजीत सिंह मेघवंशी, थाना प्रभारी नरपत राम बना सहित बड़ी संख्या पुलिस बल मौके पर पहुंचे। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।












Click it and Unblock the Notifications