शादी के बाद प्रेमिका से मिलने ससुराल आए युवक का मुंह काला कर घुमाया, बाल काटे
शर्मनाक: युवक को अगवा कर काटे बाल फिर किया मुंह काला, जानें पूरा मामला
Sri Gangnagar News, श्रीगंगानगर। कथित रूप से शादी के बाद प्रेमिका से मिलने आए युवक के साथ लोगों ने हैवानियत कर डाली। उसके बाल काट दिए। मुंह काला कर दिया और फिर उसे पूरे मोहल्ले में घुमाया गया। मामला राजस्थान के श्रीगंगानगर की पुरानी आबादी इलाके की सांसी मोहल्ले का है।

पुलिस ने बताया कि कोटकीसा खान मोगा पंजाब निवासी मक्खनराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र महावीर अपनी बहन से मिलने के लिए श्रीगंगानगर होते हुए गणेशगढ़ जा रहा था। शुक्रवार शाम को करीब साढ़े पांच बजे आरोपी गुलाबचंद, विशाल, राहुल, गुलाब के तीन पुत्र, राजिया मारपीट कर कार में अगवा कर अज्ञात स्थान पर ले गए।
जहां उन्होंने उससे मारपीट कर यातनाएं दी और उसके बाल काट दिए। आरोपियों ने मुंह काला कर वहां घुमाया तथा मल-मूत्र उस पर डाल दिया। आरोपियों ने उसके 45 हजार रुपए की नकदी, बैग छीन लिए और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटनाक्रम के बाद आरोपी उसके पुरानी आबादी थाने लेकर पहुंच गए। आरोपियों ने उस पर एक युवती से छेड़छाड़ व पीछा करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने इस मामले को लेकर उसको शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। जब मामले का खुलासा हुआ तो पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा तक पहुंची। पुलिस ने मामले में सही संज्ञान नहीं लेने पर कांस्टेबल सुभाष कुमार को निलंबित कर दिया। मामले की जांच प्रशिक्षु आरपीएस आशीष कुमार को सौंपी गई है।












Click it and Unblock the Notifications