राजस्थान : बेटे ने पिता के निधन पर मृत्युभोज न करके 5 लाख 31 हजार रुपए स्कूल को दान किए
जालोर, 19 जुलाई। सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की कड़ी में राजस्थान के जालोर जिले के आहोर उपखंड में गांव नयारामा के पटेल परिवार ने शानदार संदेश दिया है। यहां पूर्व सरपंच लालाराम पटेल के निधन पर उनके बेटे जगदीश पटेल ने मृत्युभोज न कर उसके बदले 5 लाख 31 हजार रुपए स्कूल को दान किए हैं।

ग्राम सेवक पद से हुए थे रिटायर
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में जगदीश पटेल ने बताया कि उनके पिता ग्राम सेवक थे। 1992 में रिटायर हुए। फिर दो बार गांव के सरपंच भी चुने गए। 89 साल की उम्र में 6 जुलाई को उनका निधन हो गया। पिताजी खुद सामाजिक कुरीतियों के लिए खिलाफ थे। ऐसे में उनके निधन पर मृत्युभोज नहीं करने का फैसला लिया।

रिश्तेदारों को करवाया सामान्य भोजन
जगदीश पटेल कहते हैं कि 15 जुलाई 2022 की पिताजी की तेहरवीं का कार्यक्रम था। इस पर मृत्युभोज नहीं किया। कार्यक्रम में जो रिश्तेदार व परिजन आए उनके लिए सिर्फ दाल रोटी बनाई गई। इसके लिए अफीम व डोडा पोस्त तक की व्यवस्था नहीं की गई।

शिक्षण संस्थान में बनेगा बड़ा हॉल
कार्यक्रम में राजाराम आश्रम के महंत दयाराम महाराज के आशीर्वाद से तय किया गया कि मृत्युभोज नहीं करके 5 लाख 31 हजार रुपए का चेक जोधपुर के राजाराम शिक्षण संस्थान को भेंट किया। इस राशि से संस्थान में बड़ा हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।

पिता को यही सच्ची श्रद्धांजलि
इस मौके पर जगदीश पटेल ने कहा कि यह हमारे परिवार की ओर से स्वर्गवासी पिताजी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी कि हमने उनकी इच्छा को पूरा किया और समाज मे फेल रही इन कुरीतियों पर अंकुश लगाने की दिशा में कदम उठाया।

50 गांवों में बंद करवाया मृत्युभोज
लालाराम पटेल दो बार सरपंच रहने के साथ ही राजाराम शिक्षण संस्थान जोधपुर में ट्रस्टी भी रहे। उन्होंने समाज सेवा में हमेशा अग्रिम भूमिका निभाई। शिक्षा के क्षेत्र में भी हमेशा आगे रहे और व समाज सुधार व शिक्षा के लिए बहुत काम किया। उन्होंने आस-पास के 50 गांवों में मृत्युभोज बंद करवाया।
{document1}












Click it and Unblock the Notifications