पालतू डॉगी कैप्टन को बचाने के लिए मालिक ने अमेरिका से मंगवाई दवाई, इंसान की तरह किया अंतिम संस्कार
सीकर, 2 अप्रैल। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी के भार्गव मोहल्ला ने इंसान और पालतू डॉगी के बीच दिल को छू लेने वाला रिश्ता देखने को मिला है। दरअसल, फतेहपुर के इस परिवार ने अपने पालतू डॉगी की मौत हो जाने पर उसे किसी इंसान की तरह विदा किया। सारे विधि विधान का पालन किया जो किसी इंसान के अंतिम संस्कार में किए जाते हैं।

5 साल से एक कुत्ते को घर पर पाल रखा था
हुआ यूं कि सीकर के फतेहपुर के भार्गव मोहल्ला निवासी अशोक गौड़ ने 5 साल से एक कुत्ते को घर पर पाल रखा था। अशोक दिल्ली से इस कुत्ते को लेकर आए थे और उसके बाद वह परिवार के सदस्य की तरह ही था। उसका नाम कैप्टन रखा हुआ था।

3 महीने पहले कैप्टन बीमार हो गया
पालतू डॉगी कैप्टन के लिए घर में भी अलग से रहने की व्यवस्था कर रखी थी। उसका अलग से बेड था और उसे बच्चे की तरह रखा जाता था। उसको कपड़े पहनाने से लेकर बर्थडे तक बच्चों की तरह ही मनाए जाते थे। करीब 3 महीने पहले कैप्टन बीमार हो गया। इसके बाद कैप्टन का जयपुर में ऑपरेशन करवाया गया लेकिन इलाज नहीं बैठा तो फिर दिल्ली में इलाज करवाया गया।

2 दिन पहले कैप्टन की मौत हो गई
पालतू कैप्टन के लिए अमेरिका से दवाइयां मंगवाई गई। तमाम कोशिश के बावजूद परिवार के सदस्य और चिकित्सक कैप्टन की जान नहीं बचा पाए। 2 दिन पहले कैप्टन की मौत हो गई तो परिवार के सदस्यों में मातम छा गया।

हिंदू विधि विधान से अंतिम संस्कार करवाया
अशोक गौड़ ने हिंदू विधि विधान से अंतिम संस्कार करवाया। उन्होंने मुंडन भी करवाया। कैप्टन को श्रद्धांजलि देने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। रात को शेखावाटी के प्रसिद्ध संतों को बुलाकर जागरण का आयोजन किया गया।












Click it and Unblock the Notifications