मुंह बोली शादीशुदा बहन पर आया इस भाई का दिल, शादी करने के लिए रची खतरनाक साजिश
सीकर। राजस्थान के सीकर जिला मुख्यालय पर वार्ड नंबर 23 में देव गैस गोदाम के पास चार साल की लड़की आसमा के अपहरण के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सीकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से बच्ची को दस्तयाब किया है।

झुंझुनूं से पकड़ा गया आरोपी
सीकर में प्रोबेशनर आरपीएस वंदिता राणा ने बताया कि आरोपी शरीफ सीकर के वार्ड 23 का रहने वाला है। उसे झुंझुनूं से पकड़ा गया है। अपह्रत की गई चार साल की बच्ची सकुशल है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्ची की मां से शादी करना चाहता है। इसी मकसद से बच्ची का अपहरण किया ताकि उसकी मां पर शादी के लिए दबाव बना सके।

मां ने दी बेटी के अपहरण की रिपोर्ट
बता दें कि आसमा के अपहरण के बाद उसकी मां रूखसार पत्नी जावेद ने पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाकर बताया था कि देव गैस गोदाम सीकर के पास से उसकी बेटी को उसका मुंह बोला मामा शरीफ चीज दिलाने के बहाने बहला फुसला कर साथ ले गया था। वह अपनी बड़ी बहन मीरा के साथ दुकान पर मुल्तानी मिट्टी लेने के लिए गई थी। काफी देर तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को शिकायत दी। सीकर पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई थी, मगर तब आरोपी व बच्ची का कोई पता नहीं चला था। अब आरोपी को पकड़ लिया गया है।

सीकर में ऑटो चलाता है आरोपी
पुलिस के अनुसार रूखसार का ससुराल नारवान मोहल्ले में मुस्लिम स्कूल के पास है। वह पांच महीने से पीहर में रह रही है। पति जावेद बैंगलोर में काम करता है। आरोपी शरीफ पीड़िता के घर के पास ही रहता है। सीकर में ऑटो चलाने का काम करता है। ऑटो चलाने के कारण उसका घर पर नियमित आ जाना था। वह कई बार उसके साथ ऑटो में काम से बाहर भी गए थे।

अपहरण के बाद बच्ची को यूं ले गया झुंझुनूं
पुलिस के अनुसार सीकर में देव गैस गोदाम के पास से बच्ची का अपहरण करने के बाद शरीफ बच्ची को लेकर ऑटो से बस डिपो पहुंचा। बस में बैठकर वह अपनी मौसी के गांव चौपदारों की ढाणी के पास देवराला रोड झुंझुनूं चला गया। इधर, सीकर पुलिस की टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पीछा कर रही थी।

पति के लौटने से पहले करना चाहता था शादी
सीकर पुलिस ने बताया कि शाम को नेहरू पार्क के पास भी आरोपी की मोबाइल लोकेशन मिली थी। उसका बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया था। बाद में उसकी दोबारा से लोकेशन मिली तो पुलिस की टीम ने झुंझुनूं पहुंच कर दबोच लिया। महिला का पति कुछ दिनों के बाद ही बंगलौर से सीकर लौटकर आने वाला है। आरोपी शरीफ उसके आने से पहले ही उसे शादी कर ले जाना चाहता था।












Click it and Unblock the Notifications