राजस्थान में खाप पंचायत का फरमान : डॉक्टर के माता-पिता पर एक करोड़ का जुर्माना, हुक्का पानी किया बंद
सवाईमाधोपुर, 19 जुलाई। राजस्थान के सवाईमाधोपुर में खाप पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए एक डॉक्टर के माता-पिता पर एक करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर पंच पटेलों ने उस परिवार का हुक्का पानी बंद कर दिया। सार्वजनिक मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा दी और उस परिवार की मदद करने वाले पर भी 51 हजार रुपए के जुर्माने का फरमान सुनाया है। राजस्थान में संभवतया खाप पंचायत के फैसले में यह सबसे बड़ी जुर्माना राशि है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरा मामला राजस्थान के सवाईमोधापुर जिले की बामनवास तहसील के गांव गोठ सिकरोली का है। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर 28 पंचों के खिलाफ बामनवास पुलिस थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। इनमें गांव बलदेवपुरा तहसील नादौती के 16 तथा गांव गोठ सिकरोड़ी के 12 पंच-पटेल शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पूरी कहानी ये है कि यहां के डॉ. महेश व डॉ. जितेंद्र ने कथित तौर पर जयपुर की एक प्रॉपर्टी में 57-57 लाख रुपए का निवेश किया था। इस सौदे में उन्हें कोरोना महामारी की वजह से नुकसान हो गया था। इस पर डॉ. महेश ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद डॉ. महेश की पत्नी पंचायत बुलाई और भरण पोषण के लिए पैसे की मांग की।
फिर उन्होंने डॉ. जितेंद्र के खिलाफ बामनवास पुलिस थाने में डॉ. महेश को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने जितेंद्र को गिरफ्तार किया, जिन्हें हाईकोर्ट से 24 मार्च को जमानत मिल गई थी। इधर, दो गांवों के 28 पंच पटेलों ने इस मामले में खाप पंचायत बुलाई और डॉ. जितेंद्र के पिता रामस्वरूप मीणा (55) व मां कैलाशी देवी (45) को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा महेश की पत्नी को देने का फैसला सुना दिया।
डॉ. जितेंद्र के माता-पिता एक का मुआवजा राशि डॉ. महेश की पत्नी को नहीं दे पाए तो खाप पंचायत के पंचों ने उनके परिवार का हुक्का पानी बंद कर दिया। फरमान यहां तक सुना दिया कि जितेंद्र के परिवार के साथ कोई संबंध नहीं रखेगा। किसी भी दुकान से उन्हें सामान नहीं दिया जाएगा और न ही उनकी कोई सहायता करेगा। परिवार के लोगों को न तो समाज और न ही गांव के किसी कार्यक्रम में जाने की इजाजत होगी। उन्हें मंदिर में भी नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बाद भी गांव का कोई भी परिवार पंचों के निर्णय का विरोध करता है तो उसे 51 हजार रुपए का जुर्माना देना होगा। उसका भी हुक्का-पानी बंद कर दिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में बामनवास के थानाधिकारी बृजेश मीणा कहते हैं कि इस मामले में अभी जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications