राजस्थान चुनाव 2023: सत्यपाल मलिक बोले-CM का उम्मीदवार वसुंधरा राजे को बनाया तो BJP की जीत तय
जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक अपने हालिया इंटरव्यू की वजह से चर्चा में हैं। अब मलिक ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर भाजपा की वसुंधरा राजे को सीएम पद की उम्मीदवार बनाने की पैरवी की है।

जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी में वसुंधरा राजे को सीएम पद का उम्मीदवार बनाया जाए तो भाजपा की जीत पक्की है।
सीकर दौरे पर आए सत्यपाल मलिक बोले कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा अगर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सीएम पद का उम्मीदवार घोषित करती है तो जीत की संभावना होगी। केंद्र सरकार के लिए वर्तमान परिस्थितियां ठीक नहीं हैं।
कुछ दिन पहले जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने और पुलवामा हमले को लेकर दिए बयान पर सत्यपाल मलिक फिर बोले और कहा कि मैं यह नहीं कहता कि सीआरपीएफ के जवानों के काफिले पर जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हमला जानबूझकर करवाया गया था। हमला तो पाकिस्तान के आंतकवादियों ने किया था।
सत्यपाल मलिक ने पुलवामा हमले को लेकर यह बात दोहराई कि हमारी गलतियां यह थी कि जो इंतजाम होने थे, वह नहीं किए गए। सीआरपीएफ जवानों के काफिले के लिए होम मिनिस्ट्री से पांच एयरक्राफ्ट मांगे थे और वो उन्हें नहीं मिले। कई महीनों तक लेटर पड़ा रहा, लेकिन उस पर भी कोई जवाब नहीं दिया गया।
जिस जगह पर हमला हुआ उस जगह पर 10 किलोमीटर में 8-10 जगह लिंक रोड आकर जुड़ती है। लिंक रोड पर कहीं भी कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। पीएम मोदी को अडानी और पुलवामा मामले पर बोलना चाहिए। साथ ही एमएसपी पर भी जल्द निर्णय लेना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications