कथा में संत बोले-'सांसद, विधायक व चेयरमैन को एक साथ खड़ा करके गोली मार देनी चाहिए'
चूरू, 12 मई। राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर कस्बे के ताल मैदान में हो रही कथा के दौरान एक संत ने कहा कि सांसद, विधायक और नगर पालिकाध्यक्ष को एक साथ खड़ा करके गोली मार देनी चाहिए। संत के जनप्रतिनिधियों को गोली मारने वाले बयान के बाद विवाद बढ़ा तो आयोजनकर्ता लड्डू गोपाल समिति ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि महाराज को बीपी की शिकायत है।

हुआ यूं कि कथा वाचक संत आनंद महाराज सरदारशहर के ताल मैदान में बीते छह दिन से भागवत कथा कर रहे हैं। गुरुवार को आयोजन में राज्यमंत्री विधायक अनिल शर्मा व पालिका चेयरमैन राजकरण चौधरी ने भी शिरकत की थी।
विधायक व चेयरमैन को मंच पर देखते ही कथा वाचक संत आनंद महाराज बोले कि देश के लिए काम नहीं, ऐसे आदमी क्या काम के? ऐसे आदमियों को गाेली मार देनी चाहिए। पास में खड़े नगरपालिका चेयरमैन पर की तरफ इशारे करते कहा कि मैं कल इनके वार्ड में घूम कर आया हूं। जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। होश नहीं है।
इस पर चेयरमैन ने महाराज को रोकना चाहा, लेकिन महाराज ने ये कहकर चुप करा दिया कि ज्यादा वकालत करने की कोशिश मत करो। वे रुके नहीं बोले कि कुर्सियां लेकर बैठ जाते हैं और बस हम बड़े हो गए। काहे के बड़े हो गए धूल बड़े हो गए। थोड़ा काम करो। इसलिए हमारे देश की उन्नति नहीं हो रही है। सांसद, विधायक व चेयरमैन को एक साथ खड़ा करके गोली मार देनी चाहिए।
बता दें कि कथा वाचक संत आनंद महाराज का सरदारशहर में तीसरी बार आयोजन है। इससे पहले ये देशभर में 537 से ज्यादा जगहों पर कथा वाचन कर चुके हैं। सांसद, विधायक व चेयरमैन को गोली मारने वाले विवादित बयान के बाद मामला बढ़ता देख आयोजनकर्ता लड्डू गोपाल समिति ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि महाराज को बीपी की शिकायत है।












Click it and Unblock the Notifications