Vijay Singh Gurjar : गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस पर झुंझुनूं के बेटे IPS विजय सिंह गुर्जर ने लीड की परेड
झुंझुनूं, 31 अक्टूबर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर रविवार को गुजरात के केवडिया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम हुआ, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परेड की सलामी भी ली। परेड का नेतृत्व गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी विजय सिंह गुर्जर ने किया। पुलिस अधिकारी विजय सिंह गुर्जर राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ उपखंंड के गांव देवीपुरा के रहने वाले हैं।

देवीपुरा के किसान परिवार से हैं विजय सिंह गुर्जर
आईपीएस विजय सिंह गुर्जर ने परेड कमांडर की भूमिका अदा करते हुए सीआरपीएफ, आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआईएसएफ और गुजरात पुलिस के दल का नेतृत्व किया। इस मौके पर विजय सिंह गुर्जर के झुंझुनूं तथा साधारण किसान परिवार के होने की जानकारी भी मंच पर शेयर की गई।

विजय सिंह गुर्जर की कामयाबी के सफर की चर्चा
साथ ही यह भी बताया गया कि विजयसिंह गुर्जर की सबसे पहली नौकरी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल की थी। फिर उन्होंने आईपीएस तक का सफर तय किया। आईपीएस बनने से पहले विजय सिंह गुर्जर पांच बार सरकारी नौकरी पा चुके थे।

विजय सिंह गुर्जर, 574वीं रैंक यूपीएससी 2018
बता दें कि देवीपुरा गांव निवासी विजय सिंह गुर्जर की प्रारंभिक शिक्षा उनके ही गांव के एक सरकारी स्कूल में हुई थी। पड़ोसी गांव चिराना के संस्कृत कॉलेज से डिग्री हासिल की। फिर दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल से यूपीएससी 2018 में 574वीं रैंक पाकर आईपीएस तक का सफर तय किया।

अहमदाबाद में पोस्टेड हैं आईपीएस विजय सिंह गुर्जर
बता दें कि वर्तमान में विजय सिंह गुर्जर अहमदाबाद में बतौर ट्रेनी एएसपी कार्यरत हैं। वन इंडिया हिंदी से बातचीत में विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि यह तीसरा राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम था। हर बार युवा आईपीएस को यहां की परेड का नेतृत्व करने का अवसर मिलता है। इस बार यह गौरव उन्हें प्राप्त हुआ।












Click it and Unblock the Notifications