राजस्थान: राहुल गांधी ने पीएम पर बोला जोरदार हमला, कहा- मोदी आपका ध्यान भटकते हैं, अडाणी जेब काट लेता है
राजस्थान में 25 नवबंर को विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग होंनी है। इसे पहले राज्य में कांग्रेस और बीजेपी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। आज राजस्थान में पीएम मोदी , राहुल गांधी और योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उदयपुर के वल्लभनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विरोधी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल गांधी ने जाति जनगणना का मुद्दा उठाया और इसे देश का 'एक्स-रे' बताते हुए कहा कि अगर राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में आती है तो प्रदेश में जाति जनगणना कराएगी।

वल्लभनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य था भाजपा की फैलाई नफरत को खत्म करने का। हमारा देश भाईचारे का देश है। हमने यात्रा में नारा दिया कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। भाजपा का नफरत क्यों फैलाती है? मैं आपको दो बातें बताना चाहता हूं, नफरत का कारण बेरोजगारी और महंगाई है।
भाजपा की व्यवस्था आपका ध्यान बेरोजगारी और महंगाई से हटाकर नफरत की ओर ले जा रही है। भाजपा और आरएसएस का लक्ष्य है कि गरीबों, मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और दलितों को पैसे से दूर रखा जाए। वे चाहते हैं कि सारा पैसा मुट्ठी भर अरबपतियों को दे दिया जाए। बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, "सबसे पहले जातीय जनगणना होना चाहिए। सबकी संख्या पता चल जायेगा। मैंने लोकसभा में जातीय जनगणना की बात उठाई उस दिन के बाद नरेन्द्र मोदी की आवाज एकदम बदल सी गई।
राहुल ने कहा कि, मोदी ने कहना शुरू कर दिया कि भारत में केवल एक ही जाति है- गरीब। उन्होंने कहा, 'मोदी ने कहा कि देश में केवल एक ही जाति है- गरीब, लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा कि अरबपतियों की एक और जाति भी है। वह अडानी, अंबानी की जाति है। उनकी एक विशेष जाति है।
राहुल गांधी ने जाति जनगणना को 'एक्स-रे' बताते हुए कहा कि अगर राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में आती है तो प्रदेश में जाति जनगणना कराएगी और अगर पार्टी केंद्र में सरकार बनाती है तो राष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसा करेगी। अगर यह पता ही नहीं है कि किसकी आबादी कितनी है, तो हम भागीदारी के बारे में कैसे बात करेंगे। अगर हम अधिकारों की, भागीदारी की बात कर रहे हैं तो हमें यह तो पता लगाना ही पड़ेगा कि कितने लोग किस जाति, समाज के हैं। इसको हम जाति जनगणना कहते हैं। जाति जनगणना देश का एक्स-रे है।
उत्तराखंड की टनल में फंसे मजदूरों को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि, मजदूर फंसे हुए हैं उत्तराखंड में, जमीन के नीचे। धंसे हुए हैं, 24 घंटे मीडिया क्रिकेट की बात कर रही है। यह अच्छी बात है। दो मिनट उनको भी दे दो। दो मिनट हमारे मजदूरों को भी दे दो। मीडिया में 24 घंटे नरेंद्र मोदी का चेहरा आता है। क्यों आता है? टीआरपी बढ़ती हैं क्योंकि नरेंद्र मोदी जी इनका काम करते हैं। अडाणी-अंबानी जी- मोदी जी बहुत अच्छा सौदा हैं। नरेंद्र मोदी जी जीएसटी का पैसा उधर भेजते हैं और वो इनका चेहरा इधर दिखाते हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि, आपका ध्यान कभी इधर ले जाया जाएगा, कभी उधर ले जाया जाएगा। जेबकतरा क्या करता है? वो कहता है भैया उधर देख। वो आपका ध्यान उधर करता है, दूसरी साइड से बंदा आकर जेब काट देता है। नरेंद्र मोदी जी का ध्यान आपका इधर-उधर करने का है। पीछे से अडाणी आकर जेब काट देता है। वे एक टीम हैं।
राहुल ने आगे कहा कि, आप लोगों को कहते हैं हिंदू-मुस्लिम पीछे से अडाणी जेब काट देता है। आपको कहते हैं देखों ऐश्वर्या राय नाच रही है, पीछे से जेब काट दी। देखो भैया क्रिकेट चल रहा है, पीछे से जेब काट दी। वो देखो भैया शाहरुख डांस कर रहा है, पीछे से जेब काट दी। तो आपके साथ यह हो रहा है।'
राहुल गांधी ने ये भी कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा, जब तक कांग्रेस पार्टी है तब तक आदिवासियों के अधिकारों की हम रक्षा करेंगे। आपके साथ खड़े होकर हम आपके बच्चों को शिक्षा दिलवाएंगे, आपको नि:शुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा दिलाएंगे और आपका जल, जमीन व जंगल पर जो हक बनता है, हम वह आपको दिलवाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications