चाकू और पंजा क्लिप के सहारे माल उड़ाने वाला ये गिरोह राजस्थान पुलिस ने धरा, 39 वारदातें कबूलीं
अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस को दिनदहाड़े चोरी की वारदात करने वाले गिरोह को दबोचने में सफलता हाथ लगी है। गिरोह के सरगना सहित आधा दर्जन बदमाश हत्थे चढ़े हैं। गिरोह ने अब तक 39 वारदातें करना कबूला है। जिला पुलिस कप्तान राजेश सिंह ने इसका खुलासा किया है।

ऐसे हत्थे चढ़े बदमाश
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि अजमेर शहर में गत दिनों चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर विशेष दिशा निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत साईबल सैल और क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नकबजन गिरोह का पर्दाफाश किया। इस गिरोह के सरगना फकीराखेड़ा निवासी मौहम्मद अली को उसके पांच साथियों के साथ वारदात की योजना बनाते दबोचा है। गिरोह के सदस्य सूने मकानों की रैकी करके वारदात अंजाम देते थे। अब तक अजमेर जिले की 39 वारदातें करना तो गिरोह ने कबूल किया है। वहीं कई वारदातें और भी खुल सकती हैं। गिरोह से चोरी गया माल भी बरामद किया जाएगा।

मिर्च पाउड़र और पन्जा क्लिप भी मिले
एसपी सिंह ने कहा कि गिरोह के सरगना मौहम्मद अली के खिलाफ पूर्व में भी नकबजनी के मामले दर्ज हैं, जबकि एक साथी नदी प्रथम निवासी महेन्द्र कहार के खिलाफ आबकारी अधिनियम का मुकदमा दर्ज है। अन्य साथियों में नदी प्रथम निवासी मांगीलाल कहार, सोनू कहार, नदी द्वितीय निवासी रमजान, फकीराखेड़ा निवासी साजिद है। अन्य चारों के खिलाफ किसी भी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। एसपी राजेश सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के कब्जे से धारदार चाकू, नकबनुमा सरिया, बड़ा पेचकस, मिर्च पाउड़र और पन्जा क्लिप बरामद किए गए हैं। यदि आज बदमाशों को नहीं पकड़ा जाता तो आज भी वारदात कर सकते थे। एसपी ने कहा कि बदमाशों को दबोचने वाली टीम में क्रिश्चयनगंज थानाधिकारी लिखमाराम, साईबर सैल इंचार्ज जगमाल दाहिमा, हैड कॉन्सटेबल भगवान सिंह, तेजाराम सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।












Click it and Unblock the Notifications