राजस्थान की महिला ड्रग तस्कर, शाही ठाठ देख पुलिस भी चौंकी
राजस्थान। किसी आम राजस्थानी महिला की तरह सिर पर दुपट्टा रख कर रहने वाली सुमिता के कारनामे जानकर पुलिस भी हैरत में है। ड्रग्स की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार की गई सुमिता के बारे में पुलिस का कहना है कि वो राज्य की सबसे बड़ी ड्रग्स तस्कर है। पुलिस सुमिता की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी मान रही है।

राजस्थान पुलिस ने दो दिन पहले दो युवकों को अफीम की तस्करी में पकड़ा था। इन दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वो सुमिता बिश्नोई उर्फ सुनीता के लिए काम करते हैं। पुलिस ने जब इस जानकारी के आधार पर सुमिता के घर छापा मारा तो पुलिस अधिकारी भी चौंक गए।
जोधपुर के बोरानाड़ा में सुमिता तगड़े ठाठ के साथ रहती है। उसकी चार मंजिल की शानदार हवेली है और उसके पास कई लग्जरी कारें हैं। पुलिस ने जब छापा मारा तो उसके मकान से 76 ग्राम अफीम और सिस्टमैटिक जीपीएस मॉनीटरिंग सिस्टम मिला। पुलिस ने सुमिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि लग्जरी गाड़ियों के जरिए वो ड्रग्स सप्लाई करती थी। पुलिस का कहना है कि सुमिता बिश्नोई के ड्रग्स कारोबार का नेटवर्क पश्चिमी राजस्थान में सबसे बड़ा है।
खुद गाड़ी चलाकर लाती थी अफीम
बोरानाड़ा के थाना इंचार्ज अनवर खान ने बताया कि 31 साल की सुमिता ने पिछले पांच-छह साल में ये ही इतना बड़ा नेटवर्क खड़ा किया है। पुलिस के अनुसार, छह साल पहले ट्रक ड्राइवर पति के कर्नाटक चले जाने के बाद सुमिता अफीम तस्करों के संपंर्क में आई और इसकी सप्लाई करने लगी।
पुलिस के अनुसार, उसका बॉस पिछले साल गिरफ्तार हो गया तो उसने खुद ही ड्रग्स तस्करी की कमान संभाल ली और अपना नेटवर्क फैलाने लगी।
पुलिस के अनुसार, सुमिता किसी पर ज्यादा भरोसा नहीं करती थी और खुद ही गाड़ी चलाकर मध्य प्रदेश और राजस्थान से अफीम लाती और उसे सप्लाई करती थी।
पुलिस ने सुमिता और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुमिता के चार मंजिला घर को पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सुमिता के बॉस राजूराम और गिरोह के कुछ और सदस्यों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications