Rajasthan News: पौधरोपण को लेकर राजस्थान सरकार का अजीबो-गरीब फरमान, घर में एसी तो लगाने होंगे 50 पौधे
Rajasthan News: राजस्थान में पौधरोपण अभियान को लेकर प्रदेश सरकार का अजीबो-गरीब फरमान सामने आया है। राज्य सरकार 7 अगस्त को हरियाली तीज के अवसर पर प्रदेश पर में पौधरोपण की शुरुआत करेगी। सरकार ने इस अभियान के तहत एक करोड़ से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार ने इस अभियान में आम लोगों को भी लक्ष्य दिए हैं।
जानिए क्या है सरकार का फरमान
राज्य सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पौधारोपण के लक्ष्य को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में बाइक चलाने वाले को पांच पौधे लगाने होंगे। कार मलिक को 10 पौधे, ट्रक और बस मालिक को 20 पौधे लगाने होंगे, घर में एसी होने पर 50 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। हालांकि शिक्षा मंत्री ने यह भी साफ किया कि हम लोगों से डंडे के बल पर पौधे नहीं लगवा सकते। लेकिन हम उनसे आग्रह करते हैं कि वह पौधारोपण करें।

बढ़ती गर्मी को लेकर सरकार चिंतित
जयपुर के इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में अभियान को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि गर्मियों के सीजन में राजस्थान के कुछ शहर दुनिया के सबसे ज्यादा गर्म शहर थे। बढ़ती गर्मी को रोकने और आम जनता की जान बचाने के लिए हरियाली तीज के मौके पर सघन पौधरोपण अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसमें शासन और प्रशासन जनता के साथ मिलकर राजस्थान को हरा भरा और कुशल बनने के लिए काम करेगा।
पौधारोपण के लिए 37 करोड़ का बजट
राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग को पौधरोपण के लिए 37 करोड़ का अतिरिक्त बजट जारी किया है। इसके तहत प्राइमरी स्कूल को 15000, मिडिल स्कूल को 35000 और सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 55000 रुपए का बजट देने का प्रावधान रखा गया है। शिक्षा मंत्री ने साफ किया कि पौधारोपण के दौरान शिक्षकों को किसी तरह के संसाधनों की कमी नहीं होगी।
अभियान के नाम पर महज खानापूर्ति
पर्यावरण से जुड़े लोगों की माने तो सरकार द्वारा पौधों पर अभियान चलाए जाते हैं। लेकिन इसके नाम पर महज खानापूर्ति की जाती है। इससे पहले भी राज्य सरकारों ने पौधरोपण अभियान चलाए थे। लेकिन वह सफल नहीं हुए। ऐसे अभियान के नाम पर पौधे तो लगा दिए जाते हैं। लेकिन उनका पालन पोषण नहीं किया जाता है। ऐसे में यह अभियान महज खाना पूर्ति साबित होकर रह जाते हैं।
वाहन और फैक्ट्री मालिकों को भी लगाने होंगे पौधे
राजस्थान सरकार ने पौधरोपण अभियान शुरू करने के लिए जो लक्ष्य दिए गए हैं। इसमें बाइक, कार, ट्रैक्टर-ट्रक और बस मालिकों को पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही किसानों को खातेदारी की जमीन पर पौधे लगाने होंगे। औद्योगिक इकाई में जितने कर्मचारी काम करते हैं। उन कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से वहां पौधे लगाने होंगे।
मनरेगा मजदूर करेंगे पौधरोपण की देखभाल
सरकार के पौधारोपण अभियान के पोषण की जिम्मेदारी मनरेगा के तहत की जाएगी। ग्रामीण स्तर पर 200 पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी मनरेगा कर्मचारियों को दी जाएगी। वह पौधों की देखभाल के साथ उनमें पानी डालने का काम करेगा। शहरी क्षेत्र में यह जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications