अग्निपथ योजना के विरोध में आज जयपुर में तिरंगा रैली निकालेगी कांग्रेस, सीएम गहलोत दिखाएंगे हरी झंडी
जयपुर, जून 19। अग्निपथ योजना के विरोध में रविवार को राजस्थान में कांग्रेस पार्टी अपना विरोध प्रदर्शन दर्ज कराएगी। जानकारी के मुताबिक, अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग के साथ राजधानी जयपुर में कांग्रेस एक तिरंगा रैली निकालेगी। कांग्रेस नेता अजय माकन इस तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।

सीएम की मौजूदगी में शुरू होगी तिरंगा रैली
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की तिरंगा रैली रविवार सुबह 10 बजे अमर जवान ज्योति से शुरू होगी। इस रैली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अजय माकन और राज्य कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा गहलोत सरकार के कई मंत्रियों के भी मौजूद रहने की संभावना है। आपको बता दें कि राजस्थान में मंत्रिपरिषद ने शनिवार को एक प्रस्ताव पारित कर योजना को वापस लेने की मांग की थी।
राजस्थान में विरोध पकड़ रहा है जोर
आपको बता दें कि अग्निपथ योजना के विरोध में अब कई राजनीतिक दल खुलकर उतर आए हैं। बिहार में आरजेडी, एलजीपी और वाम दलों ने शनिवार को बिहार बंद का समर्थन किया था तो वहीं आज कांग्रेस राजस्थान में तिरंगा रैली के जरिए अपना विरोध दर्ज कराएगी। राजस्थान में भी अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन जोर पकड़ रहा है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, सीकर, जोधपुर, अजमेर और अलवर आदि जिलों से हिंसक प्रदर्शन की खबरें सामने आई। इन जिलों में युवा न केवल सड़कों पर उतरे हैं, बल्कि रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ भी की है।












Click it and Unblock the Notifications