Rajasthan Election 2023: चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस इन 70 सीटों पर घोषित कर सकती है प्रत्याशी
इन 70 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी पिछले दो राजस्थान विधानसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाए हैं। चुनाव 2023 के लिए इन पर विशेष रणनीति है।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले राजनीतिक पार्टियों टिकटों को लेकर जीत का गुणा-भाग करने में जुटी हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि राजस्थान कांग्रेस ने विधानसभा की 200 में से 70 सीटों पर उम्मीदवार एडवांस में ही उतार सकती है।
राजस्थान में कांग्रेस ने चुनाव से पहले प्रत्याशी घोषित करने के लिए उन 70 सीटों को चुना है, जिन पर पिछले दो राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जीत नहीं पाए।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता के हवाले से इंडिया टुडे ने लिखा है कि इन 70 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने पिछले दो चुनावों में खराब प्रदर्शन किया है। पार्टी में तीन-चार आंतरिक सर्वे के बाद इस नतीजे पर पहुंचा गया है कि चुनाव से पहले ही इन पर प्रत्याशी घोषित कर दिए जाए।
पार्टी के वरिष्ठ नेता कहते हैं कि कांग्रेस इन सीटों पर यह मानकर उम्मीदवार घोषित कर सकती है कि उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। वह इन सीटों पर प्रयोग करने के मूड में है। पार्टी इन सीटों पर पहले ही उम्मीदवार घोषित करना चाहती है, ताकि उसे मैदान में तैयारी करने का मौका मिल सके।
वरष्ठि पत्रकार स्वाति वशिष्ठ के अनुसार राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा करने से असंतुष्टों, खासकर टिकट पाने में असफल रहने वालों को अधिक समय मिल सकता है, जिससे टिकट पाने वाले उम्मीदवारों की संभावनाओं को नुकसान हो सकता है।
हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर और वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन कहते हैं कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले ही कांग्रेस द्वारा 70 पर प्रत्याशी घोषित करना एक अच्छा कदम हो सकता है क्योंकि बीजेपी की तुलना में कांग्रेस का संगठन तुलनात्मक रूप से कमजोर है। पहले से उम्मीदवार घोषित करने से पार्टी और उम्मीदवारों को प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सकता है।
पिछले दिनों एक सभा को सम्बोधित करते हुए राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी चुनाव से पहले प्रत्याशी घोषित करने की पैरवी कर चुके हैं। सीएम गहलोत ने कहा था कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से दो माह पहले उम्मीदवारों की घोषणा की जानी चाहिए ताकि उनको प्रचार के लिए प्रर्याप्त समय मिल जाए।
कांग्रेस के लिए चुनौती हैं ये 70 सीट
अजमेर दक्षिण, सलूंबर, कपासन, जैतारण, बूंदी, सांगानेर, मालपुर, लाडपुरा, मालवीय नगर, डग, राजसमंद, शाहपुरा, भीलवाड़ा, गढ़ी, संगरिया, मांडलगढ़, आसपुर, मनोहरथाना, केशोरायपाटन, चित्तौड़गढ़, आहौर, रेवदर, आसींद, जालोर, सुमेरपुर, पाली, मावली, पीलीबंगा, विद्याधर नगर, खानपुर, रानीवाड़ा, फुलेरा, फलौदी, बाली, भीनमाल, गोगुंदा, छबड़ा, उदयपुर ग्रामीण, रायसिंह नगर, मुंडावर, रामगंजमंडी, नागौर, चूरू, सूरतगढ़, चोमू, नसीराबाद, मकराना, बड़ी सादड़ी, झालरापाटन, अजमेर उत्तर, भीलवाड़ा, ब्यावर, सोजत, अलवर शहर, अनुपगढ़, कोटा दक्षिण, आमेर, पिंडवाड़ा-आबू, बीकानेर पूर्व, सूरजगढ़, लूणकरणसर, कुंभलगढ़, पुष्कर, सूरसागर, सिवाना, घाटोल, मेड़ता, भोपालगढ़, खींवसर, चौरासी और सागवाड़ा सीट हैं।












Click it and Unblock the Notifications