'उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल के हत्यारे बीजेपी से जुड़े', चुनावों के बीच राजस्थान CM गहलोत का बड़ा दावा
Rajasthan CM Ashok Gehlot: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार (12 नवंबर) को कहा कि उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल तेली के हत्यारे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े थे। पिछले साल 28 जून 2022 को उदयपुर में दो लोगों ने कन्हैया लाल की उनकी दुकान पर हत्या कर दी थी और उनकी हत्या से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि कन्हैया लाल की हत्या के आरोपियों को पुलिस ने उनकी हत्या से कुछ दिन पहले एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था और भाजपा नेता उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस स्टेशन आए थे।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सीएम अशोक गहलोत के हवाले से कहा, "अपराधियों का संबंध भाजपा से है। घटना के कुछ दिन पहले, पुलिस ने इन आरोपियों को किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किया था और कुछ भाजपा नेता उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस स्टेशन गए थे।"
सीएम अशोक गहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रही है।
सीएम गहलोत की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस पूर्व टिप्पणी के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखती है। पीएम मोदी गुरुवार को उदयपुर के पास एक चुनावी रैली के दौरान दर्जी कन्हैया लाल की नृशंस हत्या का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की थी।
पीएम मोदी ने कहा था, "कन्हैया लाल की हत्या राज्य सरकार पर एक बड़ा दाग है। उदयपुर में इतनी जघन्य घटना इसलिए हुई क्योंकि वहां कांग्रेस सरकार है जो आतंकवादियों से सहानुभूति रखती है।"












Click it and Unblock the Notifications