Churu Fighter Jet Crash: राजस्थान के चूरू में फाइटर जेट क्रैश, दो पायलटों की मौके पर मौत, कैसे क्या हुआ?
Rajasthan Churu Fighter Jet Crash: राजस्थान के चूरू जिले में बुधवार, 9 जुलाई 2025 को एक बड़ा हादसा हो गया, जब भारतीय वायुसेना का एक फाइटर जेट जगुआर (Fighter Jet Jaguar) रतनगढ़ तहसील के भानुदा गांव के पास क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में दो पायलटों की मौत हो गई।
IAF (भारतीय वायु सेना) ने कहा कि एक जगुआर प्रशिक्षक विमान आज राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आईं। किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। भारतीय वायुसेना इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करती है और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है।

बचाव कार्य शुरू
हादसे की खबर मिलते ही चूरू पुलिस, स्थानीय प्रशासन, और आपदा प्रबंधन टीमें मौके पर पहुंचीं। वायुसेना के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में बताया गया है कि विमान में दो पायलट सवार थे, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अभी तक पायलट की पहचान और हादसे के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों में दहशत, पायलटों के शव के कई टुकड़े
हादसे के बाद भानुदा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि विमान के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने मलबे को देखकर मदद के लिए दौड़ लगाई, लेकिन आग की लपटों और धुएं के कारण नजदीक जाना मुश्किल था। सौभाग्य से, हादसा आबादी से दूर खेत में हुआ, जिससे जमीन पर कोई अतिरिक्त नुकसान या जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। शव के कई टुकड़े दूर तक फैले।
अहमदाबाद हादसे के बाद दूसरे हादसे में पायलट के मौत
यह हादसा हाल के महीनों में देश में हुए विमान दुर्घटनाओं की श्रृंखला में एक और दुखद घटना है। गौरतलब है कि बीते 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के क्रैश होने से 274 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 241 यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे। उस हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके अलावा, अप्रैल 2025 में जामनगर में वायुसेना का जैगुआर फाइटर जेट क्रैश हुआ था, जिसमें पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की मौत हो गई थी।
पायलट की पहचान और जांच
अभी तक वायुसेना या प्रशासन ने मृत पायलट की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, पायलट के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और परिवार को सूचित किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच के लिए वायुसेना ने एक 'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' गठित की है, जो विमान के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी डेटा का विश्लेषण करेगी।
ये भी पढ़ें- Vadodara bridge collapse: गुजरात के वडोदरा में बड़ा पुल हादसा, चलती गाड़ियां पुल से नीचे गिरीं, 10 शव बरामद












Click it and Unblock the Notifications