Rajasthan Bypoll: 5 MP ने छोड़ी विधायकी, उपचुनाव में हनुमान बेनीवाल नहीं करेंगे कांग्रेस से गठबंधन!
Rajasthan Bypoll 2024: राजस्थान में पांच विधायकों ने पद से इस्तीफा दे दिया। ये पांचों सांसद बन गए हैं। अब इनकी सीट उपचुनाव से भरी जाएगी। इनमें हनुमान बेनीवाल, राजकुमार रोत, बृजेंद्र सिंह ओला, हरिशचंद मीना, मुरारी लाल मीना शामिल हैं।
हर किसी की नजर नागौर सांसद बने हनुमान बेनीवाल की विधानसभा सीट खींवसर पर है, क्योंकि हनुमान बेनीवाल लोकसभा चुनाव 2024 में अपनी पार्टी आरएलपी व कांग्रेस के साथ गठबंधन करके मैदान में उतरे थे और भाजपा की डॉ. ज्योति मिर्धा को हराकर दूसरी बार सांसद बने।

बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत, झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरिशचंद मीना व दौसा सांसद मुरारीलाल मीना विधायक पद से इस्तीफा पहले ही दे चुके हैं। मंगलवार को नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस्तीफा दिया है।
बेनीवाल ने इस्तीफा देने के साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि खींवसर उपचुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। अपने दम पर आरएलपी अकेली चुनाव लड़ेगी। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि खींवसर विधानसभा सीट से RLP ही चुनाव लड़ेगी। इसकी एक वजह ये भी है कि विधानसभा चुनाव में खींवसर की जनता ने आरएलपी को ही चुना है। पिछली बार खींवसर विधानसभा के उप-चुनाव में अशोक गहलोत पूरी ताकत लगा दी थी। इसके बावजूद RLP की जीत हुई थी।
इंडिया गठबंधन के तहत खींवसर उपचुनाव में कांग्रेस से हाथ मिलाने की बात पर हनुमान बेनीवाल ने कहा कि 'हमारा गठबंधन दिल्ली में है। स्टेट के चुनाव में क्या होगा? इसपर हम बात करेंगे। मैं तो यह चाहता हूं कि खींवसर ही नहीं अन्य सीटों पर RLP का ही उम्मीदवार उतरे। हनुमान बेनीवाल के इस बयान से साफ है कि RLP राजस्थान के विधानसभा उपचुनाव अकेले लड़ना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications