Rajasthan Election: दौसा में BJP-कांग्रेस दोनों ने लगाया जोर, राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने संभाला चुनाव प्रचार
Rajasthan Assembly Election 2023: 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान ने गति पकड़ ली है। भाजपा व कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के तथा निर्दलीय प्रत्याशी शहरों से लेकर गांव-ढाणियों तक पहुंचकर वोट की मनुहार कर रहे हैं, तो वहीं दोनों ही प्रमुख पार्टियों के राष्ट्रीय नेता दौसा जिले में सभा कर वोटर्स को साधने की जुगत कर चुके हैं।
ऐसे में वोटिंग से पहले प्रचार अभियान थमने तक कई अन्य बड़े नेताओं की सभा जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में हो सकती हैं। इससे उम्मीदवारों के लिए सियासी समीकरण साधकर जीत की राह आसान की जा सके।

गहलोत-पायलट करेंगे सभा
जिले में 20 अक्टूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सिकराय विधानसभा क्षेत्र के कांदोली में सभा कर चुकी हैं। उस दौरान सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट ने भी लोगों को सम्बोधित किया था।
ऐसे में अब चुनाव कैंपेन के लिए सीएम गहलोत कल 18 नवंबर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लालसोट सीट से कांग्रेस प्रत्याशी परसादीलाल मीणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। आगामी दिनों में लालसोट, सिकराय व महुवा क्षेत्र में सभा प्रस्तावित है तो वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी दौसा या बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में सभा करेंगे। चर्चा है कि कांग्रेस दौसा में एक और राष्ट्रीय नेता की रैली करवा सकता है।
पीएम मोदी कर चुके हैं जिले में सभा
दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे के सोहना- दौसा खण्ड के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिले के धनावड़ में सभा को सम्बोधित किया था। उस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर कांग्रेस को घेरने के साथ प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया था। ऐसे में दोनों ही प्रमुख पार्टियों के नेता दौसा जिले में सभा कर सियासी संदेश दे चुके हैं।
बीजेपी के इन नेताओं की रैली होंगी
भाजपा ने 16 नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की महुवा व सिकराय में सभा करवाकर कमजोर सीटों के साथ पूरे जिले को साधने की कोशिश की है। वहीं पार्टी द्वारा आगामी दिनों में किसी राष्ट्रीय नेता के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राजेन्द्र राठौड, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की सभा होंगी।
20 को योगी आदित्यनाथ की सभा
इसी के साथ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ लालसोट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामबिलास मीणा डुंगरपुर के समर्थन में 20 नवंबर को जनसभा को संबोधित कर वोटर्स को साधेंगे। हालांकि अन्य नेताओं की सभाओं को लेकर अभी अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
दौसा की जंग नहीं आसान
इससे पहले लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 फरवरी को एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के दौरान दौसा जिले में सभा को संबोधित किया था। इधर, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण भी सभा करेंगे। दौसा जिले में बसपा व आजाद समाज पार्टी समेत कई अन्य पार्टियों ने भी प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में 19 व 20 नवंबर को आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर रावण दौसा जिले की सभी सीटों पर सभा करेंगे। वहीं बांदीकुई, महुवा व लालसोट में बसपा के राष्ट्रीय नेताओं की सभा भी प्रस्तावित हैं।
संवाद सूत्र: राकेश शर्मा, दौसा, राजस्थान












Click it and Unblock the Notifications