Rajasthan Election: 'मोदी की गारंटी का मतलब अडानी की गारंटी', चूरू में बीजेपी-पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी
Rajasthan Assembly Election 2023: 25 नवंबर को राजस्थान में वोटिंग है। ऐसे में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख पास आ रही है। राजस्थान का चुनावी महौल भी गर्म हो रहा है। एक दिन पहले जहां पीएम मोदी ने बाड़मेर में जनसभा को संबोधित किया। वहीं अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी चूरू में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।
चूरू में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी जी कहते हैं मोदी की गारंटी। मोदी की गारंटी का मतलब अडानी की गारंटी। कांग्रेस का मतलब किसानों, मजदूरों, युवाओं की सरकार। ये फर्क है।

पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कोरोना के वक्त राजस्थान की गहलोत सरकार के कामों की भी तारीफ की। साथ ही कहा कि कोरोना काल में जब देशभर में लोग मर रहे थे, तब पीएम मोदी थाली बजवा रहे थे और मोबाइल की लाइट जलवा रहे थे। जबकि राजस्थान में घर-घर, दवाइयां बांटी जा रही थीं, मरीजों को बचाया जा रहा था।
'कांग्रेस पार्टी का काम गरीबों की जेब में पैसा पहुंचाना'
चूरू में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ''नरेंद्र मोदी ने कहा था- कालाधन नहीं मिटा तो मुझे फांसी दे दो। कोरोना के दौरान नरेंद्र मोदी ने कहा था- मोबाइल फोन की टॉर्च जलाओ, बर्तन बजाओ. लोग मर रहे थे... देश में न तो ऑक्सीजन थी, न दवा। राजस्थान में घर-घर, दवाइयां बांटी जा रही थीं, मरीजों को बचाया जा रहा था। क्यों? क्योंकि हम गरीबों, किसानों और मजदूरों की सरकार चलाते हैं। कांग्रेस पार्टी का काम गरीबों की जेब में पैसा पहुंचाना है। वे अडानी की जेबों में पैसा पहुंचाते हैं।"
हम यहां गरीबों की सरकार चलाते हैं- राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "हम यहां गरीबों की सरकार चलाते हैं, आपकी रक्षा करते हैं। नरेंद्र मोदी जी ने जीएसटी लागू किया। भारत में पहली बार किसानों को टैक्स देना पड़ रहा है। उन्होंने नोटबंदी कर सभी छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया। जिधर देखो अडानी जी कोई न कोई बिजनेस कर रहे हैं- एयरपोर्ट, बंदरगाह, सीमेंट प्लांट, सड़कें सब उन्हीं की हैं...वे अडानी की मदद करते हैं, अडानी पैसा कमाते हैं और उस पैसे को विदेश में इस्तेमाल करते हैं।"
बीजेपी से आने से होगा आपका नुकसान-राहुल गांधी
वहीं चूरू में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहलोत सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने आपके लिए बहुत काम किया है। एक बात याद रखें, अगर यहां बीजेपी की सरकार बनी तो हमने जो भी किया - चाहे वह पेंशन योजना हो, स्वास्थ्य योजना हो, 500 रुपये का गैस सिलेंडर हो या महिलाओं के लिए 10,000 रुपये - सब उनके द्वारा समाप्त कर दिए जाएंगे और वे एक बार फिर अरबपतियों की मदद करना शुरू कर देंगे। यदि आप कांग्रेस को वोट देते हैं, तो गरीबों, किसानों और छोटे व्यापारियों को लाभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications