Rajasthan ACB: डूंगरपुर में जलदाय विभाग का अधीक्षण अभियंता 2 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
Anil Kachwaha SE PHED ACB Dungarpur: राजस्थान में सरकारी अफसरों के घूस लेने के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे। झुंझुनूं के खेतड़ी के एसडीएम बंशीधर योगी को 2 लाख की घूस लेते पकड़े जाने के बाद अब एसीबी के हत्थे एक और घूसखोर अफसर चढ़ा है। मंगलवार को राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम डूंगरपुर द्वारा कार्रवाई करते हुये अनिल कछवाहा अधीक्षण अभियंता (SE), जलदाय विभाग (PHED) परिवादी से 2 लाख रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: SDM ने घूस में मांगी 20 बीघा जमीन, 1 लाख नकद लिए, 2 लाख का डिनर-सैट लेते ACB ने पकड़ा
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी की डूंगरपुर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि जल-जीवन मिशन योजना के अन्तर्गत करवाये गये कार्यों के करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये के बकाया बिलों को पास करने की एवज में आरोपी अनिल कछवाहा अधीक्षण अभियंता द्वारा 5 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।

जिस पर एसीबी उदयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरवीजन में एसीबी की डूंगरपुर इकाई के उप अधीक्षक पुलिस रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर मंगलवार को उनके द्वारा मय टीम पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र सिंह एवं अन्य ने ट्रेप कार्रवाई करते हुये आरोपी अनिल कछवाहा अधीक्षण अभियंता को परिवादी से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी अधीक्षण अभियंता द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान भी परिवादी से 1 लाख रुपये रिश्वत के रूप में वसूल किये जा चुके हैं। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ एवं कार्रवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications