राजस्थान : 4 बच्चों की गला रेतकर हत्या और फिर पिता भी फांसी पर लटका, कुछ दिन पहले पत्नी को घर से निकाला
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कुशलगढ़ के डूंगलापानी गांव में एक ही घर में 5 शव मिले हैं, जिनमें 4 शव बच्चों के हैं और एक शव पिता का बताया जा रहा है। चारों बच्चों की उम्र 2 से 8 साल के बीच है। बच्चों की हत्या किसी तार जैसी चीज से गला रेतकर की गई है। घर के सामने पिता का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला है।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन मौका ए वारदात देखने के बाद पुलिस अंदाजा लगा रही है कि आरोपी पिता बाबू ने पहले चारों बच्चों की हत्या की और फिर खुद फांसी पर लटक गया। थानाधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि वारदात की शुरुआती वजह घरेलू कलह सामने आया है। वास्तविक कारणों का पता मामले की जांच के बाद चल सकेगा।
गांव के लोगों का कहना है कि बाबू को शराब की लत थी। इस वजह से पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे। बाबू पत्नी से मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसने पत्नी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद पत्नी मजदूरी करने गुजरात चली गई। फिलहाल पुलिस ने उसे जांच के सिलसिले में गांव बुलाया है, उससे पूछताछ के बाद कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications