आज सूरज नहीं देखेगा शंकरलाल'—धमकी देकर निकला RAC जवान, लेबर इंस्पेक्टर की दिनदहाड़े हत्या
Jaipur labour inspector murder 2025: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सनसनीखेज वारदात में लेबर इंस्पेक्टर शंकरलाल बलाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर कोई और नहीं, बल्कि दिल्ली में तैनात राजस्थान सशस्त्र पुलिस (RAC) का सिपाही अजय कटारिया था। इस घटना ने राज्यभर में खलबली मचा दी है। आरोपी ने खुद ही पुलिस थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। बुधवार को आरोपी से पुलिस पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। परिजनों ने बगरू अस्पताल में धरना देकर प्रदर्शन किया।
हैरान करने वाली बात ये है कि इस वारदात से कुछ घंटे पहले ही आरोपी अजय ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में सिपाही पद पर कार्यरत अपनी पूर्व मंगेतर को फोन कर धमकी दी थी। बोला-"मैं दिल्ली से 50 कारतूस लेकर निकला हूं, शंकरलाल आज सूरज नहीं देखेगा।" मगर युवती ने सोचा कि यह अजय की एक और गुस्से में कही गई बात है, और उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

कैसे अंजाम दी गई वारदात?
जयपुर पुलिस के मुताबिक, RAC जवान अजय कटारिया सोमवार को दिल्ली स्थित अपनी बटालियन से ड्यूटी खत्म होते ही सरकारी SLR (Self Loading Rifle) और 50 राउंड कारतूस लेकर एक बैग में छुपा जयपुर रवाना हुआ। मंगलवार तड़के सिंधी कैंप बस स्टैंड पहुंचा, ऑफलाइन टैक्सी बुक की और बगरू में शंकरलाल के घर की ओर बढ़ गया।
सुबह करीब 6:30 बजे जब शंकरलाल अपने घर के बाहर नीम की दातून से दांत साफ कर रहे थे, तब आरोपी पहले से वहां मौजूद था। दोनों में बहस हुई और अचानक अजय ने राइफल निकाल ली। शंकरलाल जान बचाने के लिए खाली प्लॉट की ओर भागे, लेकिन अजय ने दौड़ते हुए उनकी पीठ, गर्दन और जांघ में गोलियां दाग दीं। घटना के बाद आसपास के लोग और मृतक की पत्नी सरोज मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शंकरलाल की मौत हो चुकी थी।
UPSC सेवा आवंटन 2024: यश कुमार 990वीं रैंक लाकर भी बने IAS, टॉपर शक्ति दुबे को कौन-सी सर्विस मिली?
सगाई टूटने की रंजिश में मर्डर
जयपुर पुलिस जांच में सामने आया है कि अजय की सगाई उसी महिला सिपाही से हुई थी, जिसे उसने वारदात से पहले फोन किया था। सगाई करीब सात महीने पहले हुई थी, लेकिन बाद में अजय को शक हुआ कि युवती के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते अजय ने रिश्ता तोड़ दिया।
अजय को ये भी शक था कि शंकरलाल को इस संबंध की जानकारी थी और उसने युवती का साथ दिया, जिससे गुस्से में आकर उसने जान लेने की ठानी। आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि शादी को लेकर मानसिक दबाव में था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
'पिता-बेटी जैसे संबंध' का भ्रम बना हत्याकांड की वजह?
इस केस में नया मोड़ तब आया जब सामने आया कि शंकरलाल और युवती का संबंध 'पिता-बेटी' जैसा था। दरअसल, शंकरलाल अपने दूर के रिश्तेदार पूरण मल के बच्चों की परवरिश कर रहे थे, जिनमें एक लड़की की सगाई अजय से हुई थी। बताया जा रहा है कि अजय द्वारा सगाई तोड़ने के बाद पूरण मल भी नाराज़ था और उसने अजय को शंकरलाल के खिलाफ भड़काया। वारदात से एक दिन पहले अजय ने शंकरलाल की बेटी को भी फोन कर धमकी दी थी कि वह अगली सुबह "कुछ बड़ा करने वाला है।"
सवालों के घेरे में पुलिस तंत्र
इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी के बाद सरकारी हथियार कैसे साथ ले जा सका सिपाही? धमकी मिलने के बावजूद महिला सिपाही ने इसकी सूचना क्यों नहीं दी? 50 कारतूस और सर्विस राइफल लेकर दिल्ली से जयपुर पहुंच रहे सिपाही को रास्ते में किसी ने क्यों नहीं रोका?
पुलिस जांच जारी, आरोपी ने किया सरेंडर
वारदात को अंजाम देने के बाद अजय फरार हो गया लेकिन कुछ ही घंटों में उसने फुलेरा थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हत्या, अवैध हथियार प्रयोग और साजिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद वाटिका इन्फोटेक सिटी इलाके में दहशत का माहौल है और सोसायटी में रहने वाले लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications