Sojat Mehndi की पूरी दुनिया मुरीद क्यों? जानिए सोजत मेहंदी के सबसे सुर्ख होने का राज
पाली, 3 मई। राजस्थान के पाली जिला मुख्यालय से 38 किलोमीटर दूर एक कस्बा है सोजत। यह अपने यहां की मेहंदी के लिए दुनियाभर में मशहूर है। देश दुनिया की कई जानी मानी हस्तियों के हाथों पर सोजत की मेहंदी रच चुकी है।

सोजत मेहंदी का कारोबार 4 हजार करोड़
अकेले सोजत से 130 देशों में मेहंदी सप्लाई होती है। यहां मेहंदी का सालाना कारोबार 4 हजार करोड़ रुपए को छू रहा है। हाल ही विवाह बंधन में बंधी अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने भी सोजत मेहंदी ही रचाई थी।

सोजत की मेहंदी की खासियत
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर राजस्थान के पाली जिले के सोजत कस्बे की मेहंदी में ऐसा क्या खास है कि पूरी दुनिया इसकी मुरीद है। सोजत की ही मेहंदी सबसे सुर्ख क्यों है? सोजत मेहंदी की सारी केमेस्ट्री यहां की भूगोल में छिपी है।

60 हजार हेक्टेयर में मेहंदी की खेती
दरअसल, पाली जिले के सोजत, पड़ोसी कस्बे रायपुर व जैतारण में 60 हजार हेक्टेयर में सबसे उन्नत किस्म की मेहंदी उपज रही है। इसकी वजह ये है कि यहां की जमीन में लासोन कंट्रेट (लॉसोनिया इनर्मिस) है, जो मेहंदी का वानस्पतिक नाम है।

सोजत की मेहंदी में कंटेंट 2 से 3.50 प्रतिशत
यूं तो गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी कई जगहों पर मेहंदी का उत्पादन होता है, मगर वहां लासोन कंटेंट मात्रा दो प्रतिशत से भी कम है जबकि सोजत की मेहंदी में कंटेंट 2 से 3.50 प्रतिशत है।

सोजत की मेहंदी में केमिकल नहीं होता
सोजत में मिट्टी के साथ मिलकर रासायनिक क्रिया के जरिए मेहंदी को सुर्ख रंग देता है। मेहंदी में केमिकल नहीं होता है, इसलिए लंबे समय तक रचती है। खेती से लेकर प्रोसेसिंग तक 80 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की होती है।

क्या कहते हैं मेहंदी व्यवसायी?
दैनिक भास्कर से बातचीत में सोजत मेहंदी के प्रमुख व्यवसायी नितेश अग्रवाल कहते हैं कि सोजत की जमीन में लॉसोनिया इनर्मिस कंटेंट की मात्रा अधिक होने के कारण यहां की मेहंदी का रंग पूरी तरह सुर्ख उभरता है। जमीन में तांबा की मात्रा भी ज्यादा है। यहां की मेहंदी देश में सबसे उन्नत किस्म की मेहंदी मानी जाती है।

क्या कहता है खनिज विभाग?
राजस्थान सरकार के खनिज विभाग के एमई स्वरूप सिंह गहलोत कहते हैं कि सोजत की जमीन में तांबे का मिश्रण है। इससे सोजत सहित आस-पास के गांवों में मेहंदी की फसल अधिक होती है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण ही अच्छे किस्म की मेहंदी पैदा होने के साथ ही इसका रंग भी ज्यादा निखरकर सामने आता है।












Click it and Unblock the Notifications