कोरोना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, बाड़मेर में 3 लोग गिरफ्तार
बाड़मेर। इस समय पूरा विश्व कोरोना वायरस को लेकर गंभीर है। देश के कई राज्यों में लॉक डाउन के आदेश जारी हो चुके हैं। लोग भी अपने घरों में ही रह रहे हैं। बेहद जरूरी काम होने पर बाहर निकला जा रहा है। हर स्तर पर कोरोना वायरस से सावधानी बरतने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसी बीच देश में ऐसे कई लापरवाह लोग भी हैं, जो इस वक्त देश के दुश्मन बने हुए हैं।

रामसर निवासी का वीडियो वायरल
ऐसा ही मामला पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में सामने आया है। यहां एक व्यक्ति सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस को लेकर आपत्तिजनक बयान देकर वीडियो वायरल कर रहा है। रामसर निवासी एक व्यक्ति सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर कहता है कि लोगों को कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है।

लॉक डाउन को बताया वोट की राजनीति
पुलिस और प्रशासन का कहना नहीं मान कर खुले में सड़कों पर घूमें। ऐसा तो मोदी अपने वोट बैंक के लिए कर रहा है। जैसे मोदी ने नोटबंदी की थी। वैसे ही यह मोदी का कोई नाटक है। इस वीडियो के बारे जानकारी होने के बाद बाड़मेर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो बनाने वाले युवक के साथ सहयोग करने वाले अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई
बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिह भाटी ने बताया कि इस समय इस प्रकार के बयान देना बहुत ही निंदनीय है। पुलिस ने तीनों लोगों को ट्रेस आउट करके गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications