राजस्थान में अब बांदीकुई को जिला बनाने की उठी मांग, विधायक भागचंद टांकड़ा बताई वजह
Rajasthan Assembaly News: राजस्थान विधानसभा का सत्र में कभी हंगामा तो कभी डिमांड बस इन दिनों यहीं नजर आ रहा है। आज बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा ने बांदीकुई को जिला बनाने की मांग उठाई है साथ ही पूर्ववर्ती सरकार पर अनदेखी को लेकर जमकर बरसे है।
बांदीकुई से भाजपा विधायक भागचंद टांकड़ा ने आज विधानसभा सत्र के दौरान पूर्ववर्ती गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुे कहा कि सबसे पहले जिसे जिला बनाया जाना चाहिए था उसे जिला नहीं बनाया और दर्जनभर नए जिले बना दिए। विधायक भागचंद ने कहा कि बांदीकुई जिला बनने की सारी प्राथमिकताएं पूरी करता है इसलिए जिले का दर्जा दिया जाना चाहिए।
विधायक टांकड़ा ने कहा कि पिछले लंबे समय से बांदीकुई को जिला बनाने के लिए लगातार आवाज बुलंद होती रही है लेकिन उस दरमियां अशोक गहलोत सरकार ने एक दर्जन से ऊपर जिले बना दिए और बांदीकुई को जिला का दर्जा नहीं दिया जिसके चलते लंबे अरसे से यह मांग अधूरी थी ।

इसी मामले को लेकर आज बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा ने विधानसभा मैं कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र बांदीकुई को लम्बे समय से जिला बनाए जाने की मांग की जाती रही है, जिला बनाए जाने की समस्त योग्यताओं के बावजूद भी गत सरकार ने बांदीकुई को जिला नहीं बनाया जिससे क्षेत्र की जनता काफी निराश है।
विधायक भागचंद ने विधानसभा में अपनी बात रखते हुए कहा कि बांदीकुई दौसा जिले में दौसा के बाद सबसे अधिक आबादी वाला शहर है। बांदीकुई रेलनगरी के नाम से प्रसिद्ध है जो दौसा जिले के मध्य में स्थित है। सामाजिक, आर्थिक दृष्टिकोण से प्रमुख केन्द्र है।
विधायक भागचंद ने बांदीकुई को जिला बनाने के कई कारण सदन में रखे उन्होने कहा कि 20 अप्रेल 1874 को आगरा फोर्ट से बांदीकुई के लिए पहली ट्रेन चली थी जो कि आज भी एक विशेष उपलब्धि है।
जिले की प्रथम अनाज मण्डी माधोगंज मण्डी है। राजस्थान की सबसे बडी रेलवे कॉलोनी बांदीकुई में है। आरपीएफ ट्रेनिंग सेन्टर भी है। बांदीकुई में यातायात सुविधाओं की पर्याप्तता है। रेल मार्ग, सड़क मार्ग के माध्यम से बांदीकुई, दौसा, जयपुर, अलवर, दिल्ली, आगरा से जुड़ा हुआ है। देशभर में प्रमुख आस्था केन्द्र मेहन्दीपुर बालाजी के दर्शन हेतु लाखों श्रद्धालु रेलमार्ग से बांदीकुई आते है। राणा सांगा की छतरी, चांद बावडी, हर्षद माता का मन्दिर, झाझीरामपुरा, ब्रिटिशकालीन प्रोटेस्टेट और कैथोलिक चर्च हेतु देश-विदेश से पर्यटक निरन्तर आते रहते है।
विधायक ने कहा कि मैं इस ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहा हूं कि बांदीकुई को आमजन की मांग के मद्देनजर जिले का दर्जा दिलवाया जाये। विधायक द्वारा बांदीकुई को जिला बनाने की मांग उठने के बाद अब बांदीकुई वासियों में एक बार फिर बांदीकुई को जिला बनने की उम्मीद जगने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications