सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में गैंगस्टर के ठिकानों पर एनआईए के छापे
जयपुर, 12 सितम्बर। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी की ओर से सोमवार सुबह राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में छापे मारे गए। दो मकानों पर एनआइए के छापे के दौरान स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। एनआईए की टीम हनुमानगढ़ के पीलीबंगा कस्बे से 5 किलोमीटर दूर डिंगा गांव के गैंगस्टर विक्रम बराड़ के घर पर भी पहुंची है। गैंगस्टर के पिता जगराज बराड़ से पूछताछ कर रही है। विक्रम बराड़ अभी देश से बाहर है।

मीडिया से बातचीत में श्रीगंगानगर एसपी आनंद शर्मा ने एनआईए के छापों की तो पुष्टि की, मगर इससे ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसलिए ज्यादा जानकारी शेयर नहीं कर सकते हैं। जल्द ही नाम का खुलासा भी हो जाएगा।
बता दें कि 29 मई 2022 को पंजाब में हुए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस विश्नोई समेत अन्य गैंग के गैंगस्टर्स का आतंकी कनेक्शन सामने आया है। यह भी पता चला है कि मूसेवाला की हत्या के लिए काम में लिए हथियार पाकिस्तान से आए थे। इसकी जांच के लिए ही सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की ओर से दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में गैंगस्टर के कई ठिकानों छापे मारे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर 1 सितंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मूसेवाला हत्याकांड मामले में लॉरेंस, गोल्डी व इनके गुर्गों के साथ-साथ बंबीहा गैंग और नीरज बवाना गैंग सहित दूसरे गैंगस्टर के खिलाफ UAPA एक्ट की धाराओं में 2 एफआईआर दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications