नावां विधायक महेंद्र चौधरी का भाई गिरफ्तार, शूटर से कराई गई थी जयपाल पूनिया की हत्या
नागौर, 18 मई। राजस्थान के नागौर जिले के नावां में नमक उत्पादक संघ एवं भाजपा किसान मोर्चा नावां के पूर्व अध्यक्ष जयपाल पूनिया की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्या उप मुख्य सचेतक एवं नावां से कांग्रेस विधायक महेंद्र चौधरी के भाई 62 वर्षीय मोतीसिंह चौधरी ने शूटर बुलाकर कराई थी।

नागौर पुलिस की जांच में खुलासा होने के बाद मंगलवार को मोतीसिंह, कुलदीप सिंह निवासी पवेरा तहसील नांगल चौधरी, फिरोज कायमखानी पुत्र भंवरू खां निवासी नावां, हनुमान माली पुत्र किशनाराम निवासी मथानिया, हारून कायमखानी निवासी नावां को अरेस्ट किया है।
इधर, हत्या के विरोध में सर्व समाज, भाजपा, रालोपा का उपखंड कार्यालय पर धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच एसडीएम ब्रहालाल जाट ने शव के डिस्पोज करने का नोटिस नहीं लेने पर उसे पूनिया के घर के बाहर चस्पा करा दिया। इस पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि उपखंड अधिकारी ने नोटिस चस्पा कर बॉडी को डिस्पोज करने की चेतावनी दी है। हिम्मत है तो करके दिखाएं।
इधर, सीबीआई जांच की मांग को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने जयपुर कूच किया। उन्हें जोबनेर पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव, अतिरिक्त आयुक्त अजयपाल लांबा समेत उच्च अधिकारी वार्ता करने पहुंचे। पुलिस महानिदेशक से दूरभाष पर वार्ता कराकर बताया कि सीआईडी के डीआईजी राहुल प्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications