Nandu Singh Shekhawat: राजस्थान के इस बहादुर फौजी बेटे का शव देख क्यों खौल उठा लोगों का खून?
Nandu Singh Shekhawat Surajgarh jhunjhunu: राजस्थान ने एक और बहादुर फौजी नंदू सिंह शेखावत बेटा खो दिया। शेखावत की पार्थिव देह मंगलवार को झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ इलाके में स्थित उनके पैतृक गांव स्यालू कलां की रामरख की ढाणी पहुंची। पार्थिव देह को देखकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सीकर-लोहारू हाईवे पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार नंदू सिंह शेखावत लेह लद्दाख में भारतीय आर्मी के गोला बारूद डिपो (एफएडी41) में ट्रेड्समैन मेट के पद पर कार्यरत थे। आठ मई को डिपो में ड्यूटी के समय बम फटने से नंदू सिंह शेखावत घायल हो गए थे, जिन्हें पहले लेह लद्दाख के ही आर्मी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ पीजीआई में रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान नंदूसिंह शेखावत का निधन हो गया।

मंगलवार को भारतीय सेना के जवान नंदू सिंह शेखावत की पार्थिव देह पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग सूरजगढ़ के घरडू चौराहे पर एकत्रित हो गए। ताकि यहां से उनके घर तक तिरंगा रैली निकालकर पार्थिव देह ले जाए, मगर पार्थिव देह सेना की गाड़ी की बजाय एम्बुलेंस से लाई गई थी। पार्थिव देह तिरंग में भी नहीं लिपटी हुई थी।
यह सब देख ग्रामीणों का खून खौल उठा। ग्रामीणों ने नंदू सिंह शेखावत को शहीद का दर्जा व उनके परिवार को शहीद पैकेज दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने उनकी पार्थिव देह तिरंगे में लपेटने व भारतीय सेना के वाहन में पार्थिव देह रखने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर सीकर लोहारू मार्ग पर जाम लगा दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि नंदू सिंह शेखावत ने ड्यूटी के दौरान बलिदान दिया है। उनको शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। जाम की सूचना पर सूरजगढ़ थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। मांगे माने जाने का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने करीब चार घंटे बाद जाम खोल दिया और बाद में गमगीन माहौल में नंदू सिंह शेखावत का अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय है कि नंदू सिंह शेखावत राजकीय महाविद्यालय सूरजगढ़ (झुंझुनूं) के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे थे। उनकी शवयात्रा में साथी छात्र भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने नंदू सिंह शेखावत जिंदाबाद के नारों से आसमां गूंजा दिया।
उधर, जाम के कारण सूरजगढ़ होकर लोहारू जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया। चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल के निर्देश पर चिड़ावा पुलिस ने सूरजगढ़-लोहारू रोड पर आने वाले वाहनों को रोका और उन्हें दूसरे रास्ते से रवाना किया।












Click it and Unblock the Notifications