Rajasthan News: प्रदेश की सबसे लम्बी सुरंग से 28 साल बाद पहली बार गुजरी ट्रेन,दो सांसद हुए सवार....
Rajasthan News: राजस्थान के दौसा- गंगापुरसिटी के बीच 28 सालों बाद आज ट्रेन की सौगात मिली। सांसद सुखबीर सिंह और जसकौर खुद सवार होकर जनता के बीच पहुंचे।
28 सालों से इंतजार कर रही गंगापुर सिटी तथा दौसा की जनता की उम्मीदों को ट्रेन की सौगात मिलने पर आज पंख लग गए। सालों से ट्रेन में गंगापुर सिटी से दौसा के बीच सफर करने का सपना साकार हो गया ।

दौसा से गंगापुर सिटी ट्रेन का सालों पुराना सपना आज पूरा हो गया है। करीब 28 साल बाद रेलवे लाइन का कार्य पूरा होने के बाद आज जहां दौसा में सांसद जसकौर मीणा के द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
टोंक सवाई माधोपुर संसदीय क्षेत्र में ट्रेन के प्रवेश करने पर गंगापुर दौसा रेल खंड के पिपलाई स्टेशन पर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने झंडी दिखाकर ट्रेन को गंगापुर के लिए रवाना किया।
इस दौरान सांसद सुखबीर सिंह और सांसद जसकौर ने ट्रेन का सफर कर जनता से उनकी समस्याएं जानी और ट्रेन के संचालन पर आमजन को बधाई दी।
सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के बाद केंद्र में जब से भाजपा की सत्ता आई है और देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है तब से देश विकास के प्रगति पथ पर है।
आज पूरे विश्व में केवल भारत का ही परचम है और यह सब कुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि गंगापुर से दौसा के बीच ट्रेन का संचालन यहां की जनता पिछले करीब 26 सालों से देखते आ रही थी जो आज पूरा हो गया।
ट्रेन के संचालन से यहां के विकास को पंख लगेंगे और विकास के लिए नए आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल में रेल लाइन तो बहुत दूर, सड़क ही नहीं बन पाई लेकिन उनके कार्यकाल में सड़क ही नहीं हाईवे भी बन गया है और अब तो रेल लाइन बनने के बाद ट्रेन का संचालन भी शुरू हो गया है।
जौनापुरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि जिस कार्य का उद्घाटन किया जाता है इसका लोकार्पण भी किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और धन के साथ समय भी बचेगा।
सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ट्रेन से ही दौसा सांसद जसकोर मीणा के साथ में सफर करके गंगापुर पहुंचे। गंगापुर सिटी में पूर्व विधायक मान सिंह गुर्जर, बामनवास से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र मीणा, सभापति शिवरतन अग्रवाल, पूर्व उपसभापति दीपक सिंगल सहित दर्जनों भाजपाइयों ने ट्रेन के गंगापुर पहुंचने पर लोको पायलट और यात्रियों का अभिनंदन किया और खुशी जाहिर की।
पहली बार आठ डिब्बों की डेमू ट्रेन का संचालन किया गया है। यहां से यह ट्रेन 11 बजकर 15 मिनट पर गंगापुर सिटी के लिए रवाना हुई। ये ट्रेन गंगापुर सिटी दोपहर दो बजे पहुंची । गंगापुर सिटी दौसा के मध्य दौसा, बनियाना नांगल,सलेमपुर डीडवाना, लालसोट, बिदोरी, मंडावरी, पिपलाई, बामनवास, खूटेला, उदेईकला और गंगापुर सिटी सहित 13 स्टेशन है।
यह ट्रेन दौसा से 13 स्टेशनों पर ठहराव के साथ 95 किलोमीटर का सफर लगभग साढ़े तीन घंटे में पूरा करेगी। पहले यह ट्रेन अजमेर से दौसा तक चलती थी। अब इसका विस्तार करके गंगापुर सिटी तक बढ़ाया है। जो सप्ताह में 6 दिन चलेगी। रूट पर चली प्रथम ट्रेन का पूरे रास्ते में लोगों ने जगह-जगह हाथ हिलाकर अभिवादन किया I ट्रेन चलने के बाद लोगों ने जमकर खुशी जाहिर की ।
ट्रेन में आज भारत माता के जयकारों व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जयकारों से गुंजायमान रहा । रेलवे ने अजमेर-जयपुर-अजमेर रेलसेवा (सप्ताह में 6 दिन रविवार को छोड़कर) का दौसा-गंगापुर सिटी स्टेशन तक विस्तार किया है।
अब यह ट्रेन दौसा होकर गंगापुर सिटी तक जाएगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार अजमेर-गंगापुर सिटी (वाया दौसा) डेमू रेलसेवा शनिवार से अजमेर से सुबह 7 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 9:45 बजे आगमन व 9:50 बजे प्रस्थान कर 11:05 बजे दौसा होते हुए दोपहर 2 बजे गंगापुर सिटी पहुंची।
इसी प्रकार वापसी में गंगापुर सिटी-अजमेर (वाया दौसा) डेमू रेल सेवा गंगापुर सिटी से दोपहर 3 बजे रवाना होकर शाम 5:35 बजे दौसा होते हुए जयपुर स्टेशन पर 7 बजे आगमन व 7:05 बजे प्रस्थान कर रात 11:15 बजे अजमेर पहुंचेगी।
दौसा-गंगापुर नई रेल लाइन 94.65 किमी का कार्य वर्ष 1996-97 में 780.98 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत किया गया था। जिसकी अनुमानित लागत 27 साल में बढ़कर 1020 करोड़ रुपए पहुंच गई। इस रूट पर डिडवाना से इंदावा तक जर्मन पद्धति पर बनीं राज्य की सबसे लंबी सुरंग भी है। जिसमें से होकर ट्रेन गुजरी है । 2150 मीटर लंबी सुरंग प्रदेश की सबसे लंबी रेल सुरंग है।
गंगापुर सिटी के अलावा उदेई कला, खूटला, बामनवास, पिपलाई आदि क्षेत्र के लोगों ने सरकार और रेलवे का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि 28 साल बाद ये गंगापुर सिटी से दौसा तक ट्रेन से सफर करने का सपना शनिवार को लोगों का पूरा हो गया। इससे टाइम और पैसे दोनों की बचत होगी।
लोगों ने बताया कि गंगापुर सिटी से दौसा के लिए चार-पांच घंटे लग जाते थे लेकिन अब ट्रेन से सफर आसान होगा और इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।












Click it and Unblock the Notifications