VIDEO : राहुल कस्वां ने चूरू के लिए मांगा विशेष बजट, संसद में सरकार को बताई यह वजह
सांसद राहुल कस्वां ने सरकार से मांगा विशेष बजट, बोले-'चूरू पर पड़ती है मौसम की सबसे अधिक मार'
नई दिल्ली। मोदी सरकार-2 में चूरू से चुनकर आए भाजपा सांसद राहुल कस्वां ने शुक्रवार को संसद में शून्यकाल के दौरान चूरू से जुड़े कई मुद्दे उठाए। सांसद राहुल कस्वां ने सदन में कहा कि राजस्थान में अकेला चूरू जिला ही ऐसा है, जिस पर मौसम की मार सबसे अधिक पड़ती है। यहां सर्दियों में हांड़ कंपाकंपा देने वाली सर्दी पड़ती है तो गर्मियों ने यहां का कोना-कोना भट्टी की मानिंद तपता है। वर्ष 2019 के सीजन में चूरू जिले में अधिकतम तापमान 50 डिग्री को पार कर गया है।

सांसद कस्वां ने कहा कि चूरू लोकसभा क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र को विशेष बजट दिया जाना चाहिए, क्योंकि इन दिनों गर्मियों में यहां पेयजल की समस्या बढ़ती जा रही है। इस तरफ अभी से ध्यान दिया जाए तो भविष्य में इसके विकराल होने से रोका जा सकता है, मगर यह तभी संभव हो पाएगा जब चूरू को केन्द्र सरकार से विशेष बजट मिलेगा।
सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि भारत सरकार द्वारा घर-घर पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। चूरू लोकसभा क्षेत्र के लिए भारत सरकार द्वारा विशेष बजट आवंटन किया जाए, क्योकि यहां पानी की कमी है और पानी लाने के लिए क्षेत्र के लोगों को दूर दूर तक जाना पड़ रहा है।
इसके साथ ही मनरेगा के तहत क्षेत्र में कुंडों का निर्माण जो किया जा रहा है वह अभी बीपीएल, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जा रहा है, जबकि चूरू लोकसभा क्षेत्र के लिए इस योजना में बदलाव करते हुए उक्त परिवारों के साथ-साथ प्रत्येक किसान को इस योजना के तहत कुंड निर्माण की स्वीकृति जारी की जाए।












Click it and Unblock the Notifications