Mona Bugalia: मोना बुगालिया राजस्थान पुलिस में फर्जी थानेदार बनकर अफसरों के साथ करती रही यह काम
Mona Bugalia Rajasthan Police: राजस्थान पुलिस में अजीब मामला सामने आया है। युवती मोना बुगालिया फर्जी थानेदार बनकर सबको गुमराह करती रही। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण एकादमी में दो साल तक ट्रेनिंग लेती रही। पुलिस अफसरों के साथ टेनिस खेलती रही और मोना बुगालिया की हकीकत सामने आई तो हर कोई चौंक गया।
डीसीपी नार्थ राशि डूडी ने बताया कि जयपुर के शास्त्री नगर की मेजर शैतान सिंह कॉलोनी स्थित मोना बुगालिया के किराए के मकान पर पुलिस ने गुरुवार रात नौ बजे छापा मारा तो वहां से पुलिस की 3 वर्दियां व आरपीए इंटरनल एग्जाम के पेपर और सात लाख रुपए में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।

जयपुर के शास्त्रीनगर एसएचओ किशोर सिंह के अनुसार राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण एकादमी (आरपीए) के संचित निरीक्षक रमेश मीणा ने 29 सितंबर को मुकदमा दर्ज करवाया, जिसमें बताया कि मोना बुगालिया नाम की युवती ने फर्जी एसआई बनकर ट्रेनिंग कर ली। पुलिस ने मोना बुगालिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मोना बुगालिया नागौर जिले के गांव निम्बा का बास की रहने वाली है। ट्रक चालक की बेटी है। इसने राजस्थान एसआई भर्ती परीक्षा दी थी। चयन नहीं होने के बावजूद मोना ने यह खबर फैला दी कि वह राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर बन गई। इतना ही नहीं बल्कि राजस्थान पुलिस एकेडमी में असली चयनित एसआई के बैच 48 के साथ दो साल तक फर्जी तरीके से ट्रेनिंग भी कर ली।
दरअसल, उसी समय आरपीए में खेल कोटे से भर्ती हुए एसआई बैच की भी ट्रेनिंग चल रही थी। मोना बुगालिया ने इसी बात का फायदा उठाते हुए दोनों जगह अलग-अलग जानकारियां देकर ट्रेनिंग लेती रही। पूर्व डीजीपी से लेकर वर्तमान एडीजी क्राइम तक तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करवाती रही।

ऐसे पकड़ में आई मोना बुगालिया
एक दिन सब इंस्पेक्टर के व्हाट्सअप ग्रुप में किसी टॉपिक को लेकर चर्चा हुई तभी मोना ने दूसरे एसआई को आरपीए ट्रेनिंग सेंटर से बाहर निकलवाने की धमकी दे डाली। उस एसआई ने अफसरों को शिकायत की तो मोना बुगालिया के बारे में जांच पड़ताल हुई। तब उसकी हकीकत सामने आ गई कि वह फर्जी एसआई बनकर ट्रेनिंग ले रही है। राज खुलने पर मोना अंडरग्राउंड है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications