BJP MLA रूपाराम ने कही खरी-खरी, बोले-PM की 'न खाऊंगा न खाने दूंगा' की बात नहीं मान रहे पार्टी नेता
नागौर, 17 दिसम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'न खाऊंगा न खाने दूंगा' वाला बयान तो याद ही होगा। इसी को लेकर राजस्थान भाजपा से विधायक रूपाराम मुरावतिया ने अपनी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा है।

नागौर जिले की मकराना सीट से भाजपा विधायक रूपाराम मुरावतिया ने जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी में राष्ट्र के प्रति कई अच्छाई हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने सरल शब्दों में जमीन से जुड़ी बात कह दी कि न खाऊंगा न खाने दूंगा।
विधायक रूपाराम मुरावतिया ने भ्रष्टाचार को लेकर अपनी ही पार्टी को आड़े हाथों ले लिया। रूपाराम ने कहा कि आज कांग्रेस भ्रष्टाचार से भरी हुई है, लेकिन हमारी पार्टी भी भ्रष्टाचार मुक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने तो कह दिया कि न खाऊंगा न खाने दूंगा, लेकिन हमारी पार्टी के कई बड़े नेता इस बात पर अमल नहीं कर पा रहे।
70 साल में पहला ऐसा प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने यह बात कही। आज तक किसी प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं कहा। उसके बाद भी हमारी पार्टी के बड़े-बड़े नेता यह नहीं बोल रहे हैं कि ना खाऊंगा ना खाने दूंगा। यह दुर्भाग्य है हमारा। हमें प्रधानमंत्री की इस सोच को आगे बढ़ाना है, हर छोटे कार्यकर्ता तक यह बात पहुंचानी है कि हमारे प्रधानमंत्री ने न खाऊंगा न खाने दूंगा का नारा दिया है, हमें इसी पर चलना है।












Click it and Unblock the Notifications