भारत-पाक सीमा पर 55 डिग्री पहुंचा तापमान, काला पड़ गया थर्मामीटर, हीट स्ट्रोक से BSF जवान की मौत
राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है। धोरों तप रहे हैं। आसमां से अंगारे बरस रहे हैं। दिन उगने के साथ ही तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग जोधपुर, फलोदी व बाड़मेर आदि में 50 डिग्री के आस-पास तापमान में बता रहा है जबकि निजी तौर पर मापने पर यहां कई जगह तापमान 55 डिग्री मिला है।
हम बात कर रहे हैं भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित सीमावर्ती इलाकों की, जहां अधिकतम तापमान 54-55 डिग्री तक पहुंचने के कारण तापमान मापने वाला थर्मामीटर काला पड़ गया। कई सालों का रिकॉर्ड टूट गया। तन झुलसा देने वाली इस गर्मी में भी वहां पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों का जोश हाई है। शाहगढ़ इलाके से हीट स्ट्रोक के कारण बीएसएफ जवान की मौत की खबर है।

खबर है कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित जोधपुर जिले के लोहावट में पाल गंगाणा रोड स्थित एक मकान का अधिकतम तापमान डिजिटल तापमापी से मापा गया तो दोपहर दो बजे यहां मकान के अंदर 45 डिग्री जबकि बाहर खुले में 55.8 डिग्री तापमान मिला।
उधर, भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात खराब हैं। यहां पर तापमान मापने के लिए थर्मामीटर 54-55 डिग्री तापमान ही बता पा रहे हैं। इसके बाद थर्मामीटर की स्क्रीन ही काली पड़ रही है। बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान 55 डिग्री तापमान में भी हाई जोश के साथ तैनात हैं।
दरअसल, भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर बाड़मेर, जैसलमेर आदि जिलों में दूर-दूर तक रेत का समंदर है। राजस्थान के ये धोरे जल्दी गर्म हो जाते हैं। इसलिए यहां पर अन्य जगहों की तुलना में चार-पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा ही रहता है।
यहां पर ड्यूटी करना आसान नहीं। बीएसएफ जवान सर पर टोपी, चेहरे पर फटका, साथ में पानी की बोतल और आंखों पर गोगल्स लगाकर भीषण गर्मी से बच रहे हैं। भोजन में छाछ-राबड़ी व प्याज अधिक खाकर गर्मी से बचाव कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications