जोधपुर में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, लॉटरी ना निकलने से था परेशान
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में नगर निगम के बाहर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को ऐसा करने से रोका और उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया।

जोधपुर की रातानाड़ा पुलिस की मानें तो राईका बाग हरिजन बस्ती निवासी 37 वर्षीय धीरज चांगरा ने नगर निगम की सफाई भर्ती में आवेदन किया था। उसका नाम भर्ती लॉटरी में नहीं आया। इससे वह डिप्रेशन में चल रहा था। रविवार को एक ओर लॉटरी सूची जारी होने की उम्मीद थी इसके चलते वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ निगम कार्यालय जा पहुंचा। वहां लॉटरी की सूची तो जारी नहीं हुई लेकिन चयनित अभ्यर्थियां को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा था। इससे वह आक्रोषित हो गया।
बीच सड़क पर लगाया ऑटो
धीरज ऑटो लेकर नगर निगम के बाहर पहुंचा और उसने रोड के बीचों बीच ऑटो खड़ा करके खुद के शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने लगा। इसी दौरान यातायात पुलिसकर्मियों का ध्यान धीरज पर गया। उन्होंने उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनी और आग लगाने से रोका।
मौके पर तमाशबीनों की भीड़
धीरज को आत्मदाह करते देख वहां भारी संख्या में तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। सड़क के दोनों ओर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिसकर्मियों ने रातानाड़ा पुलिस को सूचित कर धीरज को थाने भिजवाया वहीं भीड़ को तितर बितर करके जाम खुलवाया। रातानाड़ा पुलिस ने धीरज को शांतिभंग में गिरफ्तार करके उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications