माफिया-गैंगस्टर्स को CM योगी स्टाइल में गहलोत की चेतावनी, बोले-'खुद सरेंडर करें, अन्यथा नेस्तानाबूद कर दें
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माफिया और गैंगस्टर्स को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ स्टाइल में खुली चेतावनी दी। बोले-हमारी पुलिस झुकेगी नहीं। अच्छा होगा कि बदमाश सरेंडर कर दें।

यूपी में माफिया ब्रदर्स अतीक अहमद व उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की हत्या का मामला छाया हुआ है। अतीक के बेटे असद व उसके साथी गुलाम का एनकाउंटर और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का 'माफिया को मिट्टी में मिला देंगे' वाला बयान भी सुर्खियों में है।
इधर, राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की स्टाइल में बदमाशों को खुली चुनौती दी है। राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस के मौके जयपुर स्थित पुलिस अकादमी में पुलिस परेड की सलामी लेने के बाद सीएम गहलोत ने कहा कि 'हमारी पुलिस झुकेगी नहीं, बदमाश खुद सरेंडर कर दें, अन्यथा नेस्तानाबूद कर देंगे'
राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बोले कि राजस्थान पुलिस झुकेगी नहीं की तर्ज पर काम कर रही है। इसका परिणाम है कि बदमाश फिर रहे हैं। लेकिन बदमाश ज्यादा दिनों तक पुलिस से भागकर बच नहीं सकते।
राजस्थान सीएम अशोक गहलोत बोले कि राजस्थान पुलिस ने बीते दो माह में जिस तरह से बदमाशों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। उससे बदमाशों में भय का माहौल है।
सीएम ने यहां तक कहा कि मीडिया रिपोर्ट की मानें तो इन दिनों राजस्थान पुलिस के एक्शन के बाद बदमाश माफी मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। यह पहली बार देखने को मिल रहा है। मीडिया के सवाल के जवाब में सीएम गहलोत बोले कि उत्तर प्रदेश में जो कुछ हो रहा है। वो कोई कर सकता है। कानून के दायरे में रहकर ही काम करना चाहिए।
सीएम अशोक गहलोत राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर संजीवनी घोटाले का भी जिक्र किया और बोले कि अमित शाह को देखना चाहिए क्योंकि गृह विभाग व को-ऑपरेटिव मंत्रालय उनके अधीन आते हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुलजिम हैं।
सीएम बोले कि गजेंद्र सिंह पहले कहते थे कि मैं मुलजिम नहीं हूं तो वह कोर्ट क्यों गए? पीएम ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के मुझे दोस्त बताकर राजनीतिक भाषण दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications