LPG Crisis: सप्लाई रुकी तो बुझ गईं भट्टियां! जयपुर के बोरोसिल प्लांट में काम ठप, 3000 मजदूरों की हुई छुट्टी
LPG Crisis: ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ती तनातनी का असर अब भारत की जमीन पर महसूस होने लगा है। देशभर में एलपीजी गैस की भारी कमी ने आम लोगों से लेकर उद्योगों तक की सांसें अटका दी हैं। गैस की कमी ने सिर्फ रसोई ही नहीं, हजारों घरों की रोजी-रोटी भी ठंडी कर दी है।
राजस्थान के जयपुर जिले के गोविंदगढ़ स्थित बोरोसिल प्लांट में एलपीजी सप्लाई बंद होते ही उत्पादन ठप हो गया। करीब 3000 मजदूरों की काम पर ना आने का आदेश दिया गया है, जिसके बाद इन हजारों मजदूरों के सामने घर चलाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया।

गोविंदगढ़ में बोरोसिल फैक्ट्री की भट्ठियां ठंडी
दरसअल, राजस्थान के जयपुर जिले के गोविंदगढ़ में स्थित क्रॉकरी निर्माता बोरोसिल कंपनी में मंगलवार को एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। गैस ना मिलने के कारण कंपनी का उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे रोजमर्रा का कामकाज ठप हो गया।
रोजाना 20 टन गैस की जरूरत
कंपनी के जीएम महेंद्र सैनी के मुताबिक, बोरोसिल को रोजाना करीब 20 टन एलपीजी गैस की आवश्यकता होती है, जबकि न्यूनतम संचालन के लिए भी 13 टन गैस जरूरी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से गैस की आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिसके कारण उत्पादन जारी रखना संभव नहीं रहा।
3 हजार मजदूरों से कहा गया- कल से काम पर मत आना
गैस संकट का सबसे बड़ा असर मजदूरों पर पड़ा है। गोविंदगढ़ क्षेत्र के करीब तीन हजार पुरुष और महिला मजदूरों को कंपनी ने बुधवार से काम पर न आने के लिए कह दिया। अचानक काम बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस हालात ने मजदूरों के मन में भारी बेचैनी और गुस्सा पैदा कर दिया है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही गैस आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो हमारे परिवारों का पेट कैसे भरेगा।
महिला मजदूरों ने किया प्रदर्शन, रोज काम देने की मांग
काम बंद होने की खबर के बाद कई महिला मजदूर कंपनी परिसर के बाहर इकट्ठा हो गईं और विरोध प्रदर्शन किया। जब कंपनी ने मजदूरों को काम पर न आने का आदेश दिया तो कई महिला मजदूर प्लांट के बाहर इकट्ठा हो गईं। उनकी आंखों में चिंता साफ दिखाई दे रही थी।
उनका कहना है कि घर का चूल्हा, बच्चों की पढ़ाई और बैंक की किस्तें इसी नौकरी के सहारे चलती हैं। गैस की कमी से बंद हुई फैक्ट्री ने उनके जीवन की रफ्तार ही रोक दी है। मजदूरों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई तो हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा गहरा असर
गैस संकट ने व्यापारिक क्षेत्र को भी झटका दिया है। दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे कई राज्यों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है। इसके चलते कई होटल और रेस्टोरेंट धीरे-धीरे बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications