सूबेदार राजेन्द्र भाम्बू : शहीद को अंतिम विदाई देने पहुंचे हजारों लोग, 9 साल के बेटे ने दी चिता को मुखाग्नि
झुंझुनूं, 13 अगस्त। राजौरी आतंकी हमले में शहीद हुए सूबेदार राजेंद्र प्रसाद भाम्बू को उनके गांव मालीगांव में शनिवार को अंतिम विदाई दी गई। शहीद की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन करने के लिए हजारों लोग उमड़े। लोगों ने राजेंद्र भाम्बू अमर रहे के नारों से आसमान गूंजा दिया। उनके नौ साल के बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी।

बता दें कि रक्षाबंधन के दिन गुरुवार सुबह शहीद हुए राजेन्द्र भांबू की पार्थिव देह शुक्रवार देर रात सवा 1 बजे दिल्ली से झुंझुनूं जिले के चिड़ावा लाई गई थी। शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे के करीब पैतृक गांव मालीगांव के लिए रवाना हुई। चिड़ावा से बगड़ तक पूरे रास्ते में शहीद के सम्मान में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। जगह-जगह स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीण भी तिरंगा लेकर खड़े हुए थे। तिरंगा यात्रा देश भक्ति का जज्बा देखने को मिला। लोगों ने जमकर देश भक्ति के नारे लगाए।
शहीद की बड़ी बेटी प्रिया, छोटी बेटी साक्षी और बेटे अंशुल ने हाथों में तिरंगा लेकर पापा के अंतिम दर्शन किए। तीनों ने बड़े ही गर्व से तिरंगे को सीने पर लगाया। शहीद वीरांगना तारामणी, मां श्रवणी, पिता बदरूप्रसाद, छोटे भाई राजेश ने भी अंतिम दर्शन किए। शहीद की अंतिम यात्रा में सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा भी शामिल हुए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि प्रदान की।
बता दें कि राजेंद्र भांबू 16 जुलाई को ही छुट्टी मनाकर वापस ड्यूटी पर गए थे। वे इस बार बड़ी बेटी की सगाई करके गए थे। नवंबर में शादी करने के लिए आने वाले थे। राजौरी में गुरुवार तड़के हुए आतंकी हमले में राजेंद्र भांबू को दो गोलियां लग गई थी। इसके बावजूद ये लड़ते रहे और दो आतंकियों को ढेर किया। फिर तीसरी गोली गले के पास लगी, जिससे ये शहीद हो गए।












Click it and Unblock the Notifications