Jaipur: 38 घंटे लगातार कार चलाने से ड्राइवर को झपकी, भीषण हादसे में परिवार के 7 सदस्यों की मौत
Jaipur: राजस्थान में जयपुर के पास शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार के सात सदस्यों की जान ले ली। हादसे की वजह बनी ड्राइवर की थकान और झपकी, जो लगातार 38 घंटे तक करीब 1250 किलोमीटर गाड़ी चला रहा था।
हरिद्वार से लौट रहे थे अस्थि विसर्जन करके
भीलवाड़ा के फूलियांकलां निवासी वैष्णव परिवार बुजुर्ग गोपालदास की अस्थियां विसर्जित कर हरिद्वार से शनिवार शाम लौट रहा था। सुबह करीब 5:04 बजे कार जयपुर रिंगरोड के हिंगोनिया टोल से गुजरी।

महज 10 मिनट बाद प्रहलादपुरा के पास ड्राइवर रामराज वैष्णव को झपकी आ गई और कार डिवाइडर की आरसीसी दीवार तोड़ते हुए 16 फीट गहरे अंडरपास में जा गिरी।
अंडरपास में पानी भरा, 7 घंटे बाद मिली जानकारी
तेज टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अंडरपास में पानी भरा होने और रास्ता बंद होने के कारण हादसे की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। करीब सात घंटे बाद, रविवार दोपहर 12:30 बजे राहगीरों ने शव देखे और पुलिस को सूचना दी।
मरने वालों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे
मृतकों में कार चला रहे रामराज वैष्णव (38), उनकी पत्नी मधु (35), 14 महीने का बेटा रुद्र, ससुर अशोक उर्फ कालूराम वैष्णव (55), उनकी पत्नी सीमा (48), बेटा रोहित (23) और पोता गजराज (3) शामिल हैं। हादसे के बाद परिवार में केवल चार बेटियां बची हैं, जो अब अकेली रह गई हैं।
थकान और प्रशासनिक लापरवाही बनी वजह
जयपुर पुलिस जांच में सामने आया कि रामराज लंबे समय से टैक्सी चला रहे थे और 38 घंटे से बिना आराम किए गाड़ी चला रहे थे। वहीं अंडरपास में पानी भरने और उसके बंद रहने के बावजूद समय पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से हादसे का पता भी देर से चला।
यह हादसा न केवल ड्राइवर की थकान का परिणाम है, बल्कि सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही की ओर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।












Click it and Unblock the Notifications