Jaipur Silver Wedding Card: बेटी की शादी के लिए बनाया 25 लाख का वेडिंग कार्ड, खोलते ही मिलेगा गजब का सरप्राइज
Jaipur Silver Wedding Card: शादियों के कार्ड तो आपने बहुत देखे होंगे। कभी महंगे कागज वाले, कभी मखमली डिब्बों वाले या फिर डिजिटल कार्ड। लेकिन राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक पिता ने अपनी लाडली की शादी के लिए ऐसा कार्ड तैयार किया है, जो आने वाली कई पीढ़ियों तक एक मिसाल बना रहेगा।
जयपुर के शिव जौहरी ने अपनी बेटी श्रुति की शादी के लिए 3 किलो शुद्ध चांदी का इस्तेमाल कर एक अद्भुत 'वेडिंग इनवाइट' तैयार किया है, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

क्या है इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत?
इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत इसकी बनावट है। 128 अलग-अलग टुकड़ों को जोड़कर बनाए गए इस कार्ड में एक भी कील या पेंच (Nail/Screw) का इस्तेमाल नहीं किया गया है। यह पूरी तरह से शुद्ध चांदी की नक्काशी और प्राचीन कारीगरी का संगम है।
शादी के कार्ड में 'देवलोक' के दर्शन
शिव जौहरी चाहते थे कि उनकी बेटी की शादी में न केवल रिश्तेदार, बल्कि ब्रह्मांड के सभी देवी-देवता भी साक्षी बनें। इसीलिए 8 x 6.5 इंच के इस कार्ड में 65 देवी-देवताओं की बारीक आकृतियां उकेरी गई हैं:
- सबसे ऊपर: भगवान गणेश विराजे हैं।
- दाएं-बाएं: भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं हैं।
- सबसे खास बात: कार्ड पर भगवान कृष्ण के जीवन प्रसंग, विष्णु के दसावतार और दक्षिण भारतीय शैली के तिरुपति बालाजी के दर्शन होते हैं।
- बाहरी परत: माता लक्ष्मी के आठ स्वरूपों और सूर्य देव की नक्काशी इसे और भी भव्य बनाती है।

एक साल की मेहनत और पिता का प्यार
इस नायाब तोहफे को तैयार करने में शिव जौहरी को पूरे एक साल का समय लगा। उन्होंने बताया, 'करीब छह महीने के सोच-विचार के बाद मैंने फैसला किया कि मैं अपनी बेटी को कुछ ऐसा दूंगा जो पीढ़ियों तक यादगार रहे। मैं चाहता था कि मेरी बेटी की विदाई के साथ सारे देवी-देवताओं का आशीर्वाद भी उसके साथ जाए।'
हाथियों ने बरसाए फूल, नाम भी चांदी पर दर्ज
इस भव्य कार्ड के केंद्र में दूल्हा-दुल्हन (श्रुति और हर्ष) के नाम लिखे हैं, जिनके चारों ओर नक्काशीदार हाथी उन पर फूल बरसाते नजर आ रहे हैं। कार्ड के अंदर पारंपरिक तरीके से परिवार के सभी सदस्यों के नाम भी चांदी पर ही गुदे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications