वाई-फाई के झगड़े में बेटे ने मां की ली जान, रिटायर्ड फौजी पति के सामने वारदात को अंजाम दिया
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करधनी थाना इलाके में सोमवार दोपहर वाई-फाई कनेक्शन को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान संतोष (51) पत्नी लक्ष्मण सिंह मूर्ति के रूप में हुई है। लक्ष्मण सिंह करीब 10 साल पहले सेना से रिटायर हुए थे। परिवार अरुण विहार कॉलोनी, निवारू रोड पर रहता है।

जानकारी के मुताबिक, छोटे बेटे नवीन की शादी 2020 में हुई थी, लेकिन छह महीने बाद पत्नी छोड़कर चली गई और उस पर दहेज का केस भी दर्ज करा दिया। सोमवार को मां से हुए विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया।
झगड़े में बीच-बचाव करने आए पिता और बहनों से भी नवीन ने हाथापाई की। इसके बाद मां संतोष बेहोश होकर गिर पड़ीं। बड़ी बेटी और पिता ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद मृतका के बड़े बेटे ओमपाल ने छोटे भाई नवीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications