लखनऊ-शारजाह फ्लाइट में यात्री को आया हार्ट अटैक, जयपुर में करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Emergency Landing at Jaipur Airport: यूपी के लखनऊ से शारजाह जा रही फ्लाइट में यात्री नंथा गोपाल की दिल का दौरा पड़ने से इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
उड़ते विमान में 23 साल के यात्री को हार्ट अटैक आने का मामला सामने आया है। घटना का पता तब चला जब विमान की राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट पर मेडिकल आपात लैंडिंग करवाई गई।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को इंडिगो की फ्लाइट 6E-1423 ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से शारजाह के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एक यात्री नंथा गोपाल की तबीयत बिगड़ गई।

पहले तो फ्लाइट के क्रू मेंबर ने यात्री को अपने स्तर पर प्राथमिक चिकित्सा दी, मगर तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो फ्लाइट को रास्ते में जयपुर एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया।
लखनऊ-शारजाह फ्लाइट के क्रू मेंबर ने तत्काल सूचना जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ATC के अधिकारियों को दी और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। अनुमति मिलने पर जयपुर में आपात लैंडिंग करवाई गई।
जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करवाने के बाद यात्री को नजदीक के ईएचसीसी अस्पताल ले जाया गया। विमान में 190 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। फिर शेष यात्रियों को लेकर रात 12 बजकर 50 मिनट पर विमान ने दुबारा शारजहा के लिए उड़ान भरी।
बताया जा रहा है कि रात करीब पौने दस बजे लखनऊ से उड़ान भरने के बाद विमान पाकिस्तान के एयर स्पेस में प्रवेश करने वाला था। तब मेडिकल इमरजेंसी के कारण उसे वापस लाकर जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। यात्री के हार्ट अटैक के चलते एक बारगी तो विमान के यात्रियों में हड़कंप मच गया।












Click it and Unblock the Notifications