कोरोना को मात देने की तरफ बढ़ता राजस्थान, पिछले 24 घंटे के अंदर 33 में से 30 जिलों में नहीं मिला कोई केस
जयपुर, सितंबर 29। कोरोना संक्रमण को मात देने में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के सिर्फ 4 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं कोरोना से एक भी मरीज की जान नहीं गई है। इसके अलावा राजस्थान से कोरोना को लेकर अच्छी जानकारी ये है कि राज्य के 33 जिलों में 30 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना का एक भी मामला पिछले 24 घंटे में सामने नहीं आया है। ये जानकारी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी गई है।

Recommended Video
राज्य में एक्टिव केस की संख्या 82
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, उदयपुर, सिरोही, सीकर, टोंक और नागौर जैसे 30 जिलों में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है। राजधानी जयपुर में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना का एक भी मरीज सामने नहीं आया है। वहीं पिछले 24 घंटे में 8 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। राज्य के अंदर कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 82 है। वहीं कोरोना से जान गंवाने वाले कुल मरीजों की संख्या 8,954 है।
देश में कोरोना की स्थिति
आपको बता दें कि राजस्थान देश के उन 20 से अधिक राज्यों में शामिल है, जहां कोरोना काबू में है। बस 5 राज्य ऐसे हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर इस वक्त चिंता बढ़ाई हुई है। इनमें तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और मिजोरम शामिल है। सबसे अधिक चिंता केरल की तरफ से है, जहां कोरोना के डेली नए केस औसतन 15 हजार से अधिक ही सामने आ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 18870 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं 378 मरीजों की जान कोरोना की वजह से चली गई है। देश में कोरोना के एक्टिव केस पिछले 6 महीने के अंदर 3 लाख से कम हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications