VIDEO: राजस्थान के बांसवाड़ा में भारी बारिश, स्कूलों की छुट्टी, बरसाती नाले में बहने से एक युवक की मौत
Rajasthan Rain: राजस्थान के बांसवाड़ा में भारी बारिश के कारण माही बांध के सभी 16 गेट खोलने पड़े हैं। निजी व सरकारी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
Rain in Banswara: राजस्थान में विदाई लेते मानसून 2023 के बदरा बांसवाड़ा समेत कई जिलों में रविवार रात को जमकर बरसे हैं। भारी बारिश के कारण बांसवाड़ा में सरकारी और निजी स्कूलों में 18 सितंबर का अवकाश घोषित करना पड़ा है। (वीडियो नीचे)
तेज बारिश के कारण बांसवाड़ा के बांध ओवरफ्लो हो गए हैं। माही बांध के सभी 16 गेट खोलने पड़े हैं। बारिश के चलते अन्य बांधों में भी पानी की अच्छी आवक हुई है।

मौसम विभाग ने बांसवाड़ा व पड़ोसी जिले सिरोही व प्रतापगढ़ में बारिश के देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, उदयपुर, जालौर और चित्तौड़गढ़ के लिए येलो अलर्ट है।
बीते दो दिन से बांसवाड़ा व डूंगरपुर ही नहीं बल्कि बल्कि उदयपुर संभाग के जिलों में भी जोरदार बारिश हुई है। उधर, झालावाड़ जिले के डाक क्षेत्र में 157 व गंगानगर के मिर्जावाला में 106 एमएम पानी बरसा है।
शनिवार रात को बांसवाड़ा जिले में बरसाती नाले में बहने से एक युवक की मौत भी हो गई। बारिश की वजह से जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

बारिश के कारण बांसवाड़ा जिले के कई गांव टापू बन गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा है। सोमवार को मौसम विभाग ने भी रेड अर्ल्ट जारी करते हुए सावधानी बरतने के लिए गाइडलाइन जारी की है।
इधर, पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो यहां पर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम का मिजाज बदलने से राजस्थान में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है।
बासंवाड़ा व उदयपुर संभाग के अलावा शनिवार जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, सीकर व अलवर जिले में भी बारिश हुई है। खरीब की फसलें इन दिनों खेतों में पक रही है। ऐसे में अब बारिश से फसलों को नुकसान हो रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications